--विश्व युवा तीरंदाजी चैंपियन बनीं कोमलिका बारी

- झारखंड की दीपिका के बाद यह कारनामा करने वाली दूसरी भारतीय

जमशेदपुर : टाटा तीरंदाजी अकादमी की कोमलिका बारी स्पेन की राजधानी मैड्रिड में चल रही विश्व युवा तीरंदाजी चैंपियनशिप के फाइनल में रविवार को स्वर्णिम निशाना साध इतिहास रच दिया। कोमलिका ने फाइनल में जापान की वाका सोनोडा पर 7-3 से जीत के बाद महिला कैडेट रिकर्व श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता।

गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में कोमलिका ने कोरियाई तीरंदाज जांग मी को 6-5 से पराजित किया था। 17 साल की खिलाड़ी कोमलिका अंडर-18 वर्ग में विश्व चैंपियन बनने वाली भारत की दूसरी तीरंदाज बनीं। उनसे पहले झारखंड की रांची की दीपिका कुमारी ने वर्ष 2009 में यह खिताब जीता था।

चुनौती का सामना

फाइनल में कोमलिका को कठिन चुनौती का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने पहले दो सेट आसानी से जीतकर 4-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, जापानी तीरंदाज सोनोडा ने वापसी कर मुकाबले को 5-1 पर लाने में सफलता हासिल की। कोमलिका को स्वर्ण पदक हासिल करने के लिए बस एक अंक की जरूरत थी। चौथे सेट में भी जापानी खिलाड़ी सोनोडा ने जीत हासिल कर मुकाबले को 5-3 पर ला खड़ा किया। लेकिन अंतिम सेट में 29-28 अंक हासिल कर कोमलिका ने स्वर्ण पदक को अपनी झोली में डाल लिया।

दो गोल्ड व एक ब्रांज

विश्व तीरंदाजी में भारत के निलंबन लागू होने से पहले देश ने अपनी आखिरी प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक के साथ अभियान का समापन किया। इस महीने की शुरुआत में विश्व तीरंदाजी संघ ने भारत को निलंबित करने का फैसला किया था। इसके हटने तक अब कोई भी भारतीय तीरंदाज देश का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाएगा। भारतीय तीरंदाजों ने इससे पहले शनिवार को मिश्रित जूनियर युगल स्पर्धा में स्वर्ण और शुक्रवार को जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में कांस्य जीता था।

-------------