कुंभ मेला एरिया में 40 बीघा में बनाई गई है करीब 100 कुटिया

यहां धर्म संसद में शामिल होंगे पांच हजार से अधिक संत

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: कुंभ मेला क्षेत्र को 20 सेक्टरों में बसाया गया है। सेक्टर 14 इस पूरे मेला के साथ ही भविष्य की राजनीति और पूरे देश के लिए केंद्र बिंदू साबित होगा। इसी सेक्टर में विश्व हिंदू परिषद द्वारा अशोक सिंहल नगर बसाया गया है। यहां अखिल भारतीय योगी महासभा के नाथ संप्रदाय का झंडा लहरा रहा है।

अशोक सिंहल को नहीं भूला

विश्व हिंदू परिषद की भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में अगुवाई करने वाले अशोक सिंहल के बगैर प्रयागराज में पहला कुंभ आयोजित हो रहा है। विहिप आज भी अशोक सिंहल को ही अपना मार्गदर्शक मानता है। तभी तो 40 बीघा भूमि पर अशोक सिंहल नगर बसाया गया है। ये पूरे मेला क्षेत्र का सबसे बड़ा कैंप है। इसमें करीब 100 कुटिया बनाई गई है। अशोक सिंहल नगर में ही महंत अवैद्यनाथ के नाम पर विशाल पंडाल बनाया गया है। जिसमें धर्म संसद होगी।

महापुरुषों के नाम पर मार्गो के नाम

विहिप के प्रांत संगठन मंत्री मुकेश जी ने बताया कि अशोक सिंहल नगर में छह उप नगर ओंकारनाथ भावे, ठाकुर गुरुजन सिंह, मोहन ज्योति, रामफल, संत ज्ञानेश्वर एवं रामचंद्र परमहंस उपनगर बनाए गए हैं। प्रांतों के अनुसार कुटिया बनाए गए हैं। 18 व 19 जनवरी को आयोजित अ‌र्द्धवार्षिक बैठक के लिए देश के विभिन्न प्रांतों से पदाधिकारी पहुंचेंगे। नगर में अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं। जिनका नाम महर्षि भारद्वाज मार्ग, महर्षि वाल्मिकी मार्ग, महर्षि वशिष्ठ मार्ग रखा गया है।