RANCHI: पब्लिक ट्रांसपोर्ट का यूज करने वाली वूमेन व गर्ल स्टूडेंट्स के लिए गुड न्यूज है। भीड़-भाड़ के कारण बस में चढ़ने से कतराने की नौबत नहीं आएगी। क्योंकि गुरुवार से मेन रोड में एक लेडिज स्पेशल सिटी बस चलेगी। इसमें ड्राइवर को छोड़ कोई भी पुरुष नहीं चढ़ेगा। यहां तक कि कंडक्टर भी लेडिज ही नियुक्त की गई है। यह निर्णय बुधवार को नगर निगम की बैठक में लिया गया। बता दें कि शनिवार को मेयर, डिप्टी मेयर, नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्त ने सिटी बस की सवारी की थी। करीब आधे घंटे के सफर में कई महिलाओं और कॉलेज की छात्राओं ने यह मांग की थी कि उनके लिए अलग से बस की व्यवस्था हो ताकि वो भीड़ और धक्का-मुक्की से बच सकें।

सभी बसों में महिलाओं की रिजर्व सीटें

महिलाओं के लिए एक बस स्पेशल होंगी, इसके अलावा मेन रोड सहित अन्य रूट पर चल रही सभी बसों में महिलाओं और छात्राओं के लिए सीटें रिजर्व हैं। दायीं ओर की चार या पांच रो पर पुरुष बैठे हैं तो किसी महिला के आने पर उन्हें सीट छोड़ देनी होगी।

सभी सिटी बसें राजेंद्र चौक से कचहरी तक जाएंगी

गुरुवार से मेन रोड में सिटी बसों के रूट को विस्तार मिल गया है। अब सिटी बसों का परिचालन कचहरी चौक से शुरू होगा, ये बसें राजेंद्र चौक तक जाएंगी। अब तक अलबर्ट एक्का चौक से राजेंद्र चौक तक बसें चलती थीं। लोगों की डिमांड पर बसों की संख्या 5 से 10, 10 से 15 और फिर अब 20 कर दी गई है। जबकि अलबर्ट एक्का चौक से राजेंद्र चौक की दूरी महज 3 किमी है। ऐसे में कई बार ऐसी स्थिति आती है कि तीन सिटी बसें एक साथ खड़ी हो जाती थीं और जाम की स्थिति बनती थी। रूट के विस्तार के साथ अब यह दूरी चार किमी की हो गई है। लोगों की मांग के अनुसार सिटी बसों के रूट का विस्तार आगे भी किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक रांची विवि के पीजी कैंपस तक बसों के परिचालन पर विचार किया जा रहा है।