RANCHI :सिटी से सटा पतरातू डैम अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है। यहां रोज हजारों पर्यटक पतरातू लेक रिसॉर्ट में आते हैं। नवंबर के महीने में साइबेरियन पक्षियों का झुंड आ जाता है। ये पक्षी यहां आने वाले पर्यटकों के साथ ऐसे घुलमिल जाते हैं मानो वर्षो की पुरानी पहचान हो। नौका विहार के दौरान इन पक्षियों को खिलाने के लिए पर्यटक अपने साथ पानी में तैरने वाले खाद्य पदार्थ ले जाना नहीं भूलते हैं। लगभग 21 एकड़ में फैला पतरातू लेक रिसॉर्ट आपको कश्मीर के डल लेक की याद दिला देगी।

कलरव कर देंगे मंत्रमुग्ध

सुबह दिन चढ़ने के साथ ही हजारों की संख्या में सात समंदर पार से पक्षी डैम के पानी में आ जाते हैं। इसके बाद पूरे दिन नौका विहार करने वाले लोगों का मनोरंजन करते हैं। वहीं शाम होने के बाद वापस जंगल में चले जाते हैं। पतरातू लेक रिसॉर्ट को सरकार द्वारा हाल में आकर्षक रूप में विकसित किया गया है। यहां आने वाले पर्यटकों के लिए 134 करोड़ रुपये से रहने के लिए गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट की व्यवस्था की गई है। गेस्ट हाउस में आने वाले पर्यटकों के लिए खाने-पिने के साथ बोन फायर की भी व्यवस्था है।

ओपन आर्ट गैलरी जैसा विकसित

पूरे कैंपस को मॉडल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया गया। यहां आने वाले पर्यटकों को पार्किग एरिया से ही आर्ट और रिसॉर्ट की खूबसूरती का नजारा दिखने लगेगा। पार्किग एरिया में बनाई गई जल मीनार के खंभों पर झारखंड की पारंपरिक सोहराइ पेंटिंग बनाई गई है। मुख्य प्रवेश द्वारा पर एक उड़ता हुआ यूनिकॉर्न बनाया गया है। साइड की दीवारों पर विभिन्न संदेश देते हुए वॉल स्कल्पचर बनाए गए हैं। डैम के प्रवेश द्वार पर एक काले रंग के पत्थर की मां और बच्चे की मूर्ति है। वहीं प्रवेश करते ही एक आदिवासी परिवार की मूर्ति है जो आदिवासी समाज के विकास को दिखा रहा है। इसके साथ ही यहां देश के अलग-अलग राज्यों के 52 नामचीन एवं कुछ युवा कलाकारों द्वारा बनाई गई यूरल कलाकृतियां लगाई गई हैं।

बच्चों के लिए खास इंतजाम

डैम में बच्चों की मौज मस्ती के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। डैम के किनारे बूट हाउस, स्लाइड, सी-शॉ, झूले आदि की फ्री व्यवस्था है। वहीं कुछ चार्ज के साथ रोप पोज, माउंटेन क्लाइबिंग, आर्टिफिशियल रोप क्लाइबिंग और बंजी जंपिंग की व्यवस्था है। इसके साथ ही डैम के किनारे कई रेस्टोरेंट भी खोले जाने हैं जिसमें आने वाले पर्यटक खाने पीने का लुत्फ उठा सकते हैं। यहां वॉटर पार्क में विभिन्न प्रकार के वॉटर स्पो‌र्ट्स जैसे जेट स्कीइंग, हाई स्पीड मोटरबोट, पड़ले बोट, कस्ती और पैरासेलिंग की शुरुआत भी जल्द की जाने वाली है। फिलहाल यहां एक झारक्राफ्ट का शो रूम भी खोला गया है।

मनोरम है डैम आइलैंड का दृश्य

डैम के किनारे पर मस्ती करने के बाद पर्यटक डैम के बीच में बने आइलैंड पर भी घूमने जा सकते हैं। यहां खाने-पीने के लिए एक रेस्टोरेंट है और कॉफ्रेंस के लिए एक हाल भी बनाया जा रहा है। आइलैंड पर पर्यटकों के लिए सनसेट प्वाइंट भी हैं। सूर्यास्त देखने के लिए मचान और कूंच बनाए गए हैं। मगर सूर्यास्त के बाद पर्यटकों को वापस जाना होगा क्योंकि यहां रात में रूकने की व्यवस्था नहीं है।