कोलंबो (पीटीआई)। राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद रानिल विक्रमसिंघे ने श्रीलंका के प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। नव नियुक्त राष्ट्रपति गोताबाया राजपक्षे ने अब अपने बड़े भाई महिंदा राजपक्षे का नाम नये पीएम के लिए आगे बढ़ाया है। वर्तमान में महिंदा विपक्ष के प्रमुख नेता हैं। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, वे जल्दी ही कार्यभार संभाल सकते हैं।

श्रीलंका के पीएम ने दिया इस्तीफा,नये राष्ट्रपति गोताबाया राजपक्षे के बड़े भाई बनेंगे पीएम

पहले भी पीएम रह चुके हैं महिंदा

तत्कालीन राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने 26 अक्टूबर, 2018 को महिंदा को प्रधानमंत्री के पद पर नियुक्त किया था। तब हटाए गए पीएम विक्रमसिंघे ने महिंदा की नियुक्ति को चुनौती दे दी थी जिससे देश में संवैधानिक संकट पैदा हो गया था। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद महिंदा को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। सुप्रीम कोर्ट ने अपने एकमत से लिए फैसले में कहा था कि सिरिसेना द्वारा संसद की अनदेखी अवैध था।

2005 में सत्ता में आए थे महिंदा

महिंदा राजपक्षे 2005 में सत्ता में आए थे। वे दक्षिण एशिया में सबसे लंबे समय तक सत्तासीन नेता के तौर पर पहचाने जाते हैं। 1970 में 24 साल की उम्र में चुने जाने के बाद वे देश के सबसे युवा सांसद बन गए थे। दोनों भाइयों के नेतृत्व चलाए गए अभियान ने लिबरेशन टाइगर ऑफ तमिल इलम (एलटीटीई) के खिलाफ तीन दशकों से चल रहे सिविल वार का खत्मा किया था।

International News inextlive from World News Desk