लखनऊ (एएनआई)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को 'बेहद दयनीय' बताया है। मायावती ने हिंदी में ट्वीट किया कि यूपी में सभी वर्गों व धर्मों व खासकर दलितों के साथ आएदिन द्वेष, उत्पीड़न, बलात्कार, हत्या आदि की मानवता को शर्मसार करने वाली घटनायें साबित करती हैं कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति अति-दयनीय। इन घटनाओं के प्रति सरकारी लीपापोती से हालात में और बिगड़ रहे हैं। ऐसे में सरकार इस पर ध्यान दे।

सपा व भाजपा सरकार की कार्यशैली में खास अन्तर नहीं दिख रहा

राज्य में पिछली सरकारों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की कार्यशैली की तुलना करते हुए मायावती ने एक दूसरे ट्वीट में कहा कि इन जघन्य घटनाओं से स्पष्ट तौर पर जनता को सपा व भाजपा सरकार की कार्यशैली में कोई खास अन्तर देखने को नहीं मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांगे्रस पार्टी के राज में तो यहां पीड़ितों की एफआईआर तक भी नहीं दर्ज की जाती थी। साथ ही उस दौरान मीडिया भी आज की तरह उतना सक्रिय नहीं था। वहीं इसके पहले कल प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी फेसबुक पर पोस्ट कर यूपी सरकार पर निशाना साधा था।

प्रियंका गांधी ने भी यूपी पुलिस व सरकार पर साधा था निशाना

प्रियंका गांधी ने लिखा था कि बुलंदशहर, हापुड़, लखीमपुर - खीरी, और अब गोरखपुर। लगातार इस तरह की घटनाओं से ये साबित होता है कि महिलाओं को सुरक्षा देने में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल रही है। अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं है। उसी का परिणाम है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की वीभत्स से वीभत्स घटनाएं घटती ही जा रही हैं। पुलिस और प्रशासन न तो सुरक्षा दे पा रहे हैं और न ही उचित कार्रवाई कर पा रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था की समीक्षा करे और महिलाओं की सुरक्षा सम्बंधित हर कदम गंभीरता से उठाए। उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, गोरखपुर में एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में सोमवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

National News inextlive from India News Desk