-चार साल बाद जमकर करेंगे इंज्वाय

-दिन भर की खरीदारी, रहता है इंतजार

GORAKHPUR:

आमतौर पर लोगों का बर्थडे हर साल आता है। कुछ विरले ऐसे होते हैं, जो चार साल बाद बर्थडे मना पाते हैं। शहर में भी गिनेचुने लीपर्स हैं जो शनिवार को अपना जन्मदिन मनाने की तैयारी में जुटे हैं। इसको लेकर उनकी फैमिली में भी काफी उत्साह बना हुआ है। फैमिली मेंबर्स का कहना है कि इसका अपना अलग मजा है। क्योंकि हर बार पार्टी के लिए चार साल का इंतजार करना पड़ता है।

क्यों न हो खुश, जब चार साल में एक मौका

सूबा बाजार के विपिन जायसवाल बीएससी कर रहे हैं। शनिवार को वह चार साल बाद अपना बर्थडे मनाएंगे। इसलिए वह काफी खुश हैं। बर्थडे की तैयारी के लिए वह गोलघर में मार्केट करने पहुंचे। जी भरके शापिंग की। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट से अपनी फीलिंग्स शेयर करते हुए कहा कि सबको हर साल बर्थडे मनाते देखते हैं। इससे कभी-कभी दुखी हो जाते हैं। यार-दोस्तों की पार्टी में तो खूब जाते हैं, लेकिन खुद किसी को नहीं बुला पाते। मन रखने के लिए दोस्तों संग चॉकलेट खा लेते हैं। कभी-कभी जबरजस्ती ही मूवी देख आते हैं। पिछले तीन साल से वर्ष 2020 का इंतजार कर रहे थे। जैसे-जैसे फरवरी जा रहा था। वैसे-वैसे उनकी बेसब्री बढ़ती जा रही थी। उनके चेहरे की खुशी बता रही थी कि इस बार वह खूब इंज्वाय करने वाले हैं।

फैमिली - फ्रेंडस ने मांगी पार्टी

गोरखनाथ के नुसरत शमीम मेडिकल स्टोर्स चलाते हैं। इस साल वह भी अपना बर्थडे मना सकेंगे। 1992 में पैदा हुए नुसरत इस बार फैमिली संग पार्टी करने की तैयारी में जुटे हैं। उनके परिचितों ने पहले से कहा था कि 29 फरवरी को घर से कहीं नहीं जाना है। मोबाइल को रिचेबल रखना है। कई बार उनको लीपर्स होने की खुशी मिलती तो कई बार वह दुखी भी हो जाते हैं। इस बार का उनका प्लान है कि दोस्तों के साथ पार्टी करेंगे। समय मिलने पर पत्‍‌नी संग मूवी देखने जाएंगे। इसके पहले अपने मोहल्ले के लोगों से आशीर्वाद भी लेंगे।

29 फरवरी के आने का करते इंतजार

लीप ईयर में लीप ईयर में फरवरी 29 दिन का होता है। इस दिन पैदा होने वाले बच्चों को लीपलिंग्स या लीपर्स कहते हैं। कुछ लोगों का मानना है कि इस दिन पैदा होने बच्चे जीनियस, अलग पर्सनालिटी और स्पेशल पॅावर के होते हैं। जानकारों का कहना है कि जिस साल को लीप ईयर कहते हैं। उसे चार से पूरी तरह से विभाजित होना चाहिए। साल को 100 से विभाजित होना चाहिए। लेकिन वो तभी लीप ईयर होगा जब वह साल 400 से डिवाइड हो जाएगा।