- 883 पोल डेकोरेटिव करने का दावा

- 32 हजार 672 मीटर लगाई जानी हैं तिरंगी स्ट्रिप लाइट्स

- ब्यूटीफुल आगरा-नवीन आगरा योजना लगाई गई हैं 1638 तिरंगी लाइट्स

- एमजी रोड पर कई पोल पर बंद पड़ी हैं तिरंगी स्ट्रिप लाइट्स

आगरा। ब्यूटीुफल आगरा-नवीन आगरा के तहत शहर में देशभक्ति की अलख जगाने के लिए नगर निगम ने 1638 तिरंगी स्ट्रिप लाइट लगवाई थीं। इनको 883 पोल पर लगाने का दावा किया था। अफसरों के साथ 21 अगस्त को मेयर ने तिरंगी स्ट्रिप लाइट का उद्घाटन किया, लेकिन उद्घाटन के दो दिन बाद ही एमजी रोड पर लगी तिरंगी स्ट्रिप लाइट बंद हो गई हैं। तिरंगी लाइट के बंद होने पर इनकी गुणवत्ता सवालों के घेरे में आ गई है।

डेढ़ करोड़ हुआ खर्चा

ब्यूटीफुल आगरा, नवीन आगरा योजना के तहत डेढ़ करोड़ खर्च करने के बाद भी तिरंगी स्ट्रिप लाइट कारगर नहीं हो सकीं। एमजी रोड पर भगवान टॉकीज से लेकर प्रतापपुरा तक 1638 तिरंगी स्ट्रिप लाइट लगाई गई। लेकिन, दो दिन बाद ही कई स्ट्रिप लाइट्स बंद हो गई। बता दें कि ईईएसएल कंपनी की लाइटें भी कई स्थानों पर खराब पड़ी हुई हैं, जबकि कई वर्ष की गारंटी के साथ टेंडर स्वीकृत किया गया था। यह भी बताया जाता है कि बाजार में स्ट्रिप लाइट्स की उतनी प्राइस नहीं है, जितके का टेंडर स्वीकृत किया गया है है।

शहर में तिरंगी स्ट्रिप लाइट के महत्वपूर्ण तथ्यों पर एक नजर

- शहर के 10 प्रमुख रूटों पर 883 पोल को डेकोरेटिव पोल में बदला जाएगा।

- 30 अगस्त तक ये काम पूरा किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

- 20 दिनों में काम पूरा करने का दावा किया गया था।

- अभी तक सिर्फ एमजी रोड पर तिरंगी स्ट्रिप लाइट लगाई गई हैं।

- इसमें कई लाइट्स कुछ घंटों बाद ही बंद हो गई।

30 अगस्त तक इन रूटों पर एलईडी स्ट्रिप लगाए जाने का दावा

- भगवान टॉकीज से प्रतापपुरा एमजी रोड तक 177 पोलों पर 7788 मीटर स्ट्रिप

- सूरसदन से वजीरपुरा होते हुए हरीपर्वत तक 67 पोलों पर 1876 मीटर स्ट्रिप

- संजय प्लेस के प्रमुख तीन मार्गो पर 130 पोलों पर 4680 मीटर स्ट्रिप

- पालीवाल पार्क के अन्दर 44 पोलों पर 1672 मीटर स्ट्रिप

- विक्टोरिया पार्क तिराहे से बिजलीघर चौराहे तक 46 पोलों पर 1288 मीटर स्ट्रिप

- सुभाष पार्क से पचकुइयां होते हुए रत्नमुनि कॉलेज तक 50 पोलों पर 1600 मीटर स्ट्रिप

- सिकन्दरा चौराहे से बोदला चौराहे तक 126 पोलों पर 5040 मीटर स्ट्रिप

- आवास विकास भावना होटल से सेक्टर चार वाला मेन रोड 63 पोलों 2520 मीटर स्ट्रिप

- खंदारी चौराहे से एनएच 2 से कल्याणी हाइट्स तक 100 फुटा रोड तक 124 पोलों पर 3968 मीटर स्ट्रिप

- एनएच 2 खंदारी चौराहे से हनुमान मन्दिर खंदारी चौराहे तक 56 पोलों पर 2240 मीटर स्ट्रिप

नोट: इस प्रकार कुल 883 पोल पर 32, 672 मीटर स्ट्रिप लाइट्स लगाई जाएगी।

पार्षद ने उठाए विदेशी कंपनी और क्वालिटी पर सवाल

इस बारे में पार्षद फौरन सिंह ने विदेशी कंपनी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करते हुए विरोध जताया है। उन्होंने मेयर को पत्र लिखते हुए कहा है कि तिरंगी लाइट्स लगवाना अच्छी बात है। ये राष्ट्र प्रेम को बढ़ावा देने वाली हैं, लेकिन विदेशी कंपनी की स्ट्रिप लाइट्स की गुणवत्ता की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।