-लेखपालों को बांटे गए लैपटॉप, पहले से अधिक तेजी से कर सकेंगे काम

-जनता को होगा फायदा, डीएम ने जिम्मेदारियों के निर्वहन की दी सलाह

PRAYAGRAJ: जीहां, अब लेखपाल फील्ड में बस्ते की जगह लैपटॉप लेकर चलेंगे। वह हर जगह से अपने कामों को फटाफट ऑनलाइन निपटा सकेंगे। इसका फायदा पब्लिक को भी मिलेगा। अब तमाम प्रमाण पत्रों को इश्यू करने सहित खसरा खतौनी आदि से जुड़े काम भी ऑनलाइन होंगे। गुरुवार को एमएनएनआईटी में एक कार्यक्रम में डीएम की मौजूदगी में जिले के समस्त लेखपालों को लैपटॉप वितरण किया गया। सभी लेखपालों को जल्द से जल्द ई-फ्रेंडली होने की सलाह भी दी गई।

नहीं जाना होगा साइबर कैफे

लैपटॉप वितरण के बाद लेखपाल खुद आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, खसरा खतौनी आदि से जुड़े कार्य लैपटाप के जरिए फटाफट निपटा सकेंगे। लोगों द्वारा ऑनलाइन आवेदन के बाद लेखपालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अभी तक इन कामों के लिए उन्हें इसके लिए साइबर कैफे में घंटों बैठना पड़ता था। इसमें समय के साथ पैसा भी उनकी जेब से खर्च होता था। यही कारण है शासन ने ई-गवर्नेस के तहत लेखपालों को हाईटेक बनाने के लिए लैपटाप वितरण किया है।

बॉक्स

पहले बटन दबाना तो सीखिए

एमएनएनआईटी के एमपी हॉल में 656 लेखपालों को लैपटाप वितरण किया गया। इनमें जिले की सभी तहसीलों से लेखपाल शामिल थे। हालांकि लगभग डेढ़ सौ ऐसे भी लेखपाल हैं जो उम्रदराज हो चुके हैं और उन्हें लैपटाप की एबीसीडी नहीं मालूम है। उनके लिए लैपटाप से काम करना किसी सिरदर्द से कम नहीं है। ऐसे लोगों को डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने जल्द से जल्द ट्रेंड होने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लेखपालों की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है। अब वह कहीं से भी काम कर सकते हैं। जिस प्रकार राजपत्रित अधिकारियों के लिए सरकारी वाहन का महत्व होता है उसी तरह लेखपालों के लिए लैपटाप का अपना महत्व है।

हर तहसील से पांच को लैपटॉप

कार्यक्रम के दौरान डीएम ने प्रत्येक तहसील से पांच-पांच लेखपालों को लैपटाप दिया। साथ ही उनको भविष्य में बेहतर कार्य करने की शुभकामना भी दी गई। बाकी लेखपालों को संबंधित तहसील के एसडीएम ने लैपटाप वितरण किया। कुछ लेखपाल अनुपस्थित थे। इन्हें 24 घंटे के भीतर तहसील में लैपटाप हैंडओवर किया जाएगा। अधिकारियों का कहना था कि तहसीलों के कामकाज की गति को बाधित नहीं होने दिया जाएगा। सभी लेखपाल जल्द से जल्द कार्यो का संपादन लैपटाप के जरिए करेंगे।