- घर से दो किमी दूर मिला मासूम का शव

dehradun@inext.co.in

PITHORAGARH : पिथौरागढ़ जिले के पोखरी गांव में गुलदार घर के बाहर से बच्चे को उठा ले गया। घर से दो किलोमीटर दूर उसका शव मिल गया। घटना के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है।


घटना शनिवार रात की है। पोखरी गांव निवासी राकेश उर्फ रिंकू की बीते दिनों दिल्ली में शादी हुई थी। शादी के बाद दूल्हा, दुल्हन सहित परिवार के सभी लोग शनिवार सायं अपने गांव पोखरी लौटे। गांव से मात्र पचास मीटर दूर सड़क से जब वे लोग घर की तरफ आने लगे तो राकेश के बड़े भाई भूपेश जोशी का पुत्र कार्तिक (5) भी उनके साथ था। दुल्हन के गृह प्रवेश को लेकर सभी व्यस्त थे। जब शंख की आवाज सुनी तो कार्तिक भी तेजी से घर की ओर भागा। इसी दौरान झाडि़यों में घात लगाकर बैठा गुलदार उसे उठा ले गया। किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। कुछ देर बाद जब सभी लोग घर पहुंचे तो कार्तिक नजर नहीं आया। सभी उसे ढूंढने लगे। रातभर खोज के बाद भी बच्चे का कुछ पता नहीं चला। रविवार की सुबह घर से लगभग दो किमी दूर कार्तिक का क्षतविक्षत शव मिला। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है। गुलदार क्षेत्र में बीते डेढ़ साल में सात लोगों को मार चुका है।