आगरा। शहर में एक बार फिर तेंदुआ की दहशत से लोगों के हाथ-पैर फूल गए। इस बार तेंदुआ केआर नगर (कीर्तीराम नगर) इलाके में शाम को देखा गया। तेंदुआ के डर से आसपास के निवासी देर रात तक घरों के आसपास निगरानी करते दिखे। वहीं वाइल्ड लाइफ टीम के सुबह पहुंचने की संभावना है। हालांकि पुलिस ने तेंदुआ की चहलकदमी से इंकार किया है।

पानी की टंकी पर दिखाई दिया

केआर नगर निवासी नीता सिंह ने बताया कि जंगल से सटी बाउंड्रीवाल है। गुरुवार शाम 6.30 बजे यहीं पर कुछ बच्चे खेल रहे थे। उन्हें बाउंड्रीवाल पर तेंदुआ बैठा दिखा। इसकी सूचना मिलते आसपास के लोग वहां एकत्र हो गए। इस बीच तेंदुआ बाउंड्रीवाल से कूदकर चला गया। उसे पानी टंकी के पास तक देखा गया। इस पर सभी लोग मौके पर एकत्र हो गए और तेंदुआ की छानबीन की गई, लेकिन वह दिखाई नहीं दिया।

लोगों में दहशत

तेंदुआ की खबर से आसपास इलाके में दहशत फैल गई। लोग बच्चों के साथ अपने-अपने घरों में दुबक गए। देर रात तक छतों से निगरानी करते रहे। मालूम हो कि इससे पहले न्यू आगरा, अब्बूलाला दरगाह के पीछे तेंदुआ दिखाई दिया था।

अफसरों ने नहीं की पुष्टि

इस मामले में सिकंदरा थाना इंचार्ज राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस घटना की जानकारी नहीं है। वहीं वन विभाग के अधिकारी दिनेश पांडे ने भी तेंदुआ की पुष्टि नहीं की है।