पांच घंटे तक लाइट नहीं आई तो पब्लिक हुई बेकाबू, जेई को पीटा

PRAYAGRAJ: ट्रांसफॉर्मर की खराबी समय रहते दूर नहीं की जा सकी। इसके चलते पांच घंटे तक बिजली के बगैर रहने वाली पब्लिक का गुस्सा भड़क गया। पब्लिक उपकेन्द्र पहुंच गयी। जेई से उलझ गयी। अकेला पाकर उन्हें पीट दिया। इस मामले की रिपोर्ट धूमनगंज थाने में दर्ज करायी गयी है।

मामला विद्युत उपकेंद्र केन्द्रांचल से जुड़ा हुआ है। यहां के अवर अभियंता बृजेश कुमार यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि बुधवार की शाम सैनिक कालोनी में ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया था। इसके कारण उस एरिया की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी। वर्कशाप के उच्च अधिकारियों से ट्रांसफार्मर बदलने को कहा गया तो उन्होंने चार बजे तक उपलब्ध कराने की बात कही। संयोग से पांच बजे के आसपास ट्रांसफार्मर उपलब्ध हुआ इसके बाद उसे इंस्टॉल करके आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा था। तभी भारी संख्या में पब्लिक उपकेंद्र पहुंच गई। बिना उनका जवाब सुने पब्लिक ने गाली-गलौज के साथ हाथापाई शुरू कर दी।

पब्लिक द्वारा बिना कारण जाने ऐसे ही कर्मचारियों को पीटा जाएगा तो कर्मचारी एवं स्टाफ का मनोबल कमजोर होगा। यह तो साफ-साफ गुंडागर्दी है। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी, तभी वे सुधरेंगे।

बृजेश कुमार यादव

पीडि़त जेई

जेई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। कर्मचारियों द्वारा मारपीट व गाली-गलौज का वीडियो उपलब्ध कराया गया है। आरोपितों की तालाश व पहचान की जा रही है।

-शमसेर बहादुर सिंह

इंस्पेक्टर धूमनगंज