योगी सरकार के कवच अभियान से जिले के 1747 स्कूलों को जोड़ा गया

-अभियान के तहत बच्चियों को सिखाया गया सेल्फ डिफेंस

आगरा। उत्तर प्रदेश की बच्चियों को सेल्फ डिफेंस सिखाने के लिए सरकार द्वारा सभी जनपदों मे बालिका सुरक्षा अभियान चलाया गया था। जिसके तहत जिले की डेढ़ लाख बच्चियों को जोड़ा गया। अभियान में एक्सपर्ट और पुलिस की टीमों ने स्कूलों में जाकर बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया। शहर की बच्चियों को गुड और बैड टच के बारे में जागरूक किया गया। जागरूकता के बाद अब पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह बच्चियों के साथ हो रहे दु‌र्व्यवहार को पहले स्तर पर रोककर उस पर अंकुश लगाए साथ ही किसी भी प्रकार की शिकायत आने पर तुरंत कार्यवाही कर बच्चियों को इंसाफ मिल सके। जिससे बच्चियों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और हौसला मजबूत हो सके।

अपनों से ही खौफजदा है बच्चियां

कवच अभियान में चलाए गए जागरूकता अभियान में बच्चियों ने अपने मन की बात प्रशिक्षण देने आई टीमों के सामने रखी। जिसमें निकल कर आया कि बच्चियों को अपनों से ही खौफ है। बच्चियां अपने आस-पास रहने वाले रिश्तेदार एवं आस-पड़ोसियों के बीच खुद को महफूज नहीं पाती है। अपनों से बचने के लिए भी उनको कवच की जरूरत है, जो उनको सुरक्षा का एहसास दिला सके।

1747 स्कूलों में चला अभियान

ग‌र्ल्स सिक्योरिटी के लिए योगी सरकार द्वारा चलाया गया अभियान जिले के 1747 स्कूलों में चलाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमकार सिंह तथा जिले में संचालन एवं प्रबंधन करने में अखिलेश कांत शर्मा का रहा। इन्होनें लगभग 1400 प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में 90 हजार बालिकाओं तक कवच अभियान को पहुंचाया।

अभियान में शामिल कई विभाग

कवच अभियान में आशा ज्योति केन्द्र, बाल कल्याण समिति, पुलिस विभाग, नामित पुलिस कर्मी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड लाइन, सेल्फ डिफेंस एवं समाजसेवियों के साथ मॉनिटरिंग मास्टर ट्रेनर नरेश पारस विशेष रूप से शामिल रहे।

हेल्पलाइन नंबरों के बारे में दी जानकारी

बालिका सुरक्षा के लिए शुरू किए गए कवच अभियान में एक्सपर्ट और पुलिस विभाग की टीमों ने स्कूलों में जाकर बच्चियों को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में छह वर्ष 12 वर्ष की आयु की छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में बताया। वहीं 13 से 18 वर्ष तक की आयु की बच्चियों को हेल्पलाइन नंबर 1098, 1090 और 181 तथा डायल 100 नंबर के बारे में जानकारी दी गई।

Posted By: Inextlive