हिंदी सिनेमा जगत में ऐसे बहुत कम कलाकार हैं जिन्‍होंने दमदार आवाज के चलते अपनी अलग पहचान बनाई। उनमें से एक हैं ओम पुरी। बॉलीवुड का यह दिग्‍गज फिल्‍मी सितारा भले ही दुनिया को अलविदा कह गया लेकिन दर्शकों के दिलों में उनकी छाप अभी भी है। यह ऐसा कलाकार था जो कब पैदा हुआ किसी को नहीं पता चला...

कब पैदा हुए किसी को नहीं पता
बॉलीवुड एक्टर ओम पुरी का जन्म अंबाला की पंजाबी फैमिली में हुआ था। उनके जन्म की असली तारीख क्या है यह किसी को नहीं पता। न उनका कोई बर्थ सर्टिफिकेट है और न ही परिवार के किसी सदस्य को उनके जन्म की तारीख पता थी। एक बार उनकी मां ने बताया था कि ओमपुरी दशहरा से दो दिन पहले पैदा हुए थे। ओमपुरी ने जब स्कूलिंग शुरु की तब उनके चाचा ने जन्मतिथि 9 मार्च 1950 लिखवा दी। बाद में ओमपुरी जब मुंबई आ गए उन्होंने अपनी ऑफिशियल बर्थ डेट 18 अक्टूबर रख ली, तब से इसे ही सच माना गया।

न हीरो, न विलेन फिर भी हुआ एडमीशन
फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) ने ओमपुरी को एडमीशन देने से मना कर दिया था। उनका कहना था कि, ओम पुरी न तो हीरो लगते हैं, न विलेन। वहां उन्हें कॉमेडी के लिए भी नाकारा करार दे दिया गया था। बाद में काफी मशक्कत के बाद आखिरकार पुरी को एडमीशन मिल पाया।
डेविड धवन के रहे रूममेट
एफटीआईआई में पढ़ाई के दौरान ओम पुरी को मशहूर डॉयरेक्टर डेविड धवन के साथ रूम शेयर करना पड़ा था। डेविड को यह पसंद नहीं था, क्योंक वह ओम पुरी के गंभीर स्वभाव से तंग आ चुके थे। डेविड ने तो रूम बदलने तक की अर्जी लगा दी थी। उन्हें शायद यह अंदाजा नहीं था कि जिस शख्स से वह दूर भाग रहे थे वह एक दिन हिंदी सिनेमा जगत में अपनी संवाद अदायगी से जाना जाएगा।

पहली फिल्म थी मराठी
ओम पुरी ने अपने फिल्मी करियर में करीब 300 से ज्यादा फिल्में की। उनकी पहली फिल्म मराठी थी जिसका नाम 'घासीराम कोतवाल' था।

दो बार चुनी जीवनसंगिनी

साल 1992 में पुरी ने एक्टर अन्नू कपूर की बहन सीमा से शादी की, लेकिन यह रिश्ता आठ महीने से ज्यादा नहीं चल सका। इसके बाद 1993 में उन्होंने पत्रकार नंदिता पुरी से विवाह किया उनके एक ईशान नाम का लड़का भी है।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk

 

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari