RANCHI : 21 जून को अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में दस हजार लोग एकसाथ सुबह छह बजे से 33 मिनट तक योगा करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस बाबत अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने योग दिवस के तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल किए जाएं। इस दिन सभी जिला मुख्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं, सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में नियम समय पर लोग एक जगह एकत्रित होकर योग करें। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी सांसदों, विधायकों और राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि इस अवसर पर वे सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल हों।

लाइट एंड साउंड में दिखेगी वीरों की गाथा

RANCHI : दीपाटोली स्थित झारखंड वार मेमोरियल में अब हर शुक्रवार शाम सात बजे से लाइट एंड साउंड शो के जरिए वीरों की गाथा दिखाई जाएगी। इस शो के जरिए लोग वीरों के बारे में जान सकेंगे। मंगलवार की शाम सात बजे इस कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू करेंगी। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और दक्षिणी-पश्चिमी कमांड के लेफ्टिनेंट जनरल एके साहनी रहेंगे। गौरतलब है कि झारखंड वार मेमोरियल इंडियन आर्मी और 23 पैदल खंड के उन बहादुर सैनिकों को समर्पित है, जिन्होंने देश के लिए अपने को बलिदान कर दिया।

कलेक्टेरिएट में खुला जन शिकायत निवारण कोषांग

सोमवार को रांची कलेक्टेरिएट के कमरा नंबर-जी12 में सुविधा केन्द्र सह जन शिकायत निवारण कोषांग का उदघाटन डीसी मनोज कुमार ने किया। यहां पर आम जनता की शिकायतों और समस्याओं को समाधान किया जाएगा। यह सुविधा केन्द्र सिंगल विंडो सिस्टम की तरह काम करेगा। यह ई-गर्वनेंस के तहत संचालित होगा। यहां लोगों को चल रहे तमाम योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। जन शिकायत निवारण कोषांग में ऑनलाइन काम होंगे।

Posted By: Inextlive