- निर्भया फंड से होगा निर्माण, हॉट स्पॉट पर होंगे स्थापित

- महिला दारोगा व पुलिसकर्मी होंगी तैनात

- 110 पिंक वाहन भी खरीदे जाएंगे

- लगाए जायेंगे 1500 सीसीटीवी कैमरे

LUCKNOW : राजधानी को महिलाओं के लिये सुरक्षित बनाने के लिये अगले तीन महीनों में कई बड़े काम किये जाएंगे। छेड़खानी व लूट के हॉट स्पॉट पर 100 पिंक बूथ स्थापित किये जाएंगे। यह बूथ लोकल पुलिस थाने से अटैच होंगे। इसके अलावा इन बूथ पर तैनात होने वाली महिला पुलिसकर्मियों के लिये 110 वाहन भी खरीदे जाएंगे। वूमेन पावर लाइन की क्षमता बढ़ाने की भी योजना है। साथ ही राजधानी में भीड़भाड़ वाली जगहों पर सीसीटीवी कैमरे भी इंस्टॉल किये जाएंगे। यह सारा काम निर्भया फंड से किया जाएगा, जिसकी मंजूरी मिल गई है।

शिकायत करना होगा आसान

एडीजी महिला सम्मान प्रकोष्ठ अंजू गुप्ता ने बताया कि राजधानी के शहरी क्षेत्र में 100 पिंक बूथ बनाए जाएंगे। यह बूथ कहां स्थापित हों इसके लिये जिले की क्राइम मैपिंग की गई है। इसके तहत उन जगहों को चिन्हित किया गया जहां महिलाओं के साथ छेड़खानी व लूट की घटनाएं ज्यादा होती हैं। इसके लिये लखनऊ का क्राइम डाटा मैप बनाया गया है। इन्हीं हॉट स्पॉट पर पिंक बूथ स्थापित किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन पिंक बूथ में सिर्फ महिला पुलिसकर्मी तैनात की जाएंगी, जिससे पीडि़ताएं शिकायत करने में खुद को सहज महसूस करें। इस बूथ में शिकायत करने के बाद पीडि़त महिलाओं व युवतियों को पुलिस थाने जाने की भी जरूरत नहीं होगी। उन्होंने बताया कि बूथ पर वायरलेस सेट, पुलिसकर्मियों के लिये 110 पिंक पेट्रोलिंग वाहन भी उपलब्ध होंगे। इन बूथों के लिये 2.25 करोड़ रुपये की लागत से 10 एसयूवी और 100 स्कूटी खरीदी जाएंगी।

वूमेन पावरलाइन की बढ़ेगी क्षमता

महिलाओं व युवतियों को टेलीफोनिक छेड़खानी व साइबर बुलिंग से बचाने के लिये संचालित की जा रही वूमेन पावरलाइन की क्षमता भी बढ़ाने की तैयारी है। एडीजी अंजू गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में वूमेन पावरलाइन में 66 टेलीफोन टर्मिनल कार्यरत हैं। कई बार पीडि़ताओं की शिकायत रहती है कि पावरलाइन का फोन बिजी मिलता है। इस स्थिति को खत्म करने के लिये 2.75 करोड़ की लागत से 80 नये टर्मिनल स्थापित किये जा रहे हैं। इसके लिये मुख्यालय के पहले तल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह निर्माण कार्य पूरा होते ही टर्मिनल लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

बॉक्स।

बढ़ेगा सीसीटीवी सर्विलांस का दायरा

एडीजी अंजू गुप्ता के मुताबिक, महिलाओं व युवतियों के लिये संवेदनशील हॉट स्पॉट को सीसीटीवी सर्विलांस के दायरे में लाने की योजना है। इसके लिये 1500 नये सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यह कैमरे पुलिस लाइन में 67.75 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इंटीग्रेटेड स्मार्ट कंट्रोल रूम से कनेक्ट होंगे। इस कंट्रोल रूम में बैठे पुलिसकर्मी इन जगहों पर लाइव फीड के जरिये नजर रखेंगे और किसी भी अप्रिय स्थिति में लोकल थाने की पुलिस को अलर्ट करेंगे।

बॉक्स

चलेगा अवेयरनेस कैंपेन

पिंक बूथ व सीसीटीवी कैमरों के लिये सुरक्षा व्यवस्था चौकस करने के साथ ही महिलाओं व युवतियों को अवेयर करने के लिये अवेयरनेस कैंपेन भी चलाया जाएगा। इसके अलावा ट्रेनिंग भी कराई जाएगी। इसमें 5 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।

Posted By: Inextlive