12 घंटे के भीतर बेखौफ बदमाशों ने लाठी डंडे और चाकू से गोदकर दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

- माली को दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से गोद डाला, जान बचाने को भागा नाली में जा गिरा

- सुबह महिलाओं ने खून से लथपथ पड़ा देखा, गली में चारों तरफ खून ही खून बिखरा था

lucknow@inext.co.in
LUCKNOW : 12 घंटे के भीतर बेखौफ बदमाशों ने लाठी, डंडे और चाकू से गोदकर कैटर्स और माली की हत्या कर दी। सरेआम बदमाश हत्या को अंजाम देकर फरार हो गए। शनिवार को निगोहां में बदमाशों ने कैटर्स की हत्या कर दी। वहीं देररात मडि़यांव के प्रीतिनगर इलाके में एक माली की बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन में लगी है।

जमीन के पेपर के साथ निकला था
सीतापुर के तम्बौर निवासी जगन्नाथ उर्फ रामू (55) मडि़यांव के प्रीतिनगर इलाके में रहता था। रामू माली का काम करता था। शनिवार की रात करीब 11 बजे रामू अपने घर से बिना बताये ही निकला था। घर से निकलते समय उसके हाथ में गांव की जमीन के रजिस्ट्री के कागजात थे। रामू ने घर के पास बनी पुलिया पर एक व्यक्ति के साथ शराब पी और वहां से चला गया। रात करीब एक बजे घर के पास गली में घात लगाये बैठे बाइक सवार तीन लोगों ने रामू को पकड़ लिया। वह कुछ समझ पाता इससे पहले ही तीनों ने उस पर चाकू से वार कर दिया।

दौड़ा दौड़ा कर मारते रहे चाकू
बदमाशों ने एक साथ रामू पर चाकू से कई वार किये। इससे घायल रामू जान बचाकर भागा तो आरोपियों ने उसको दौड़ाकर पकड़ लिया और चाकू से गोद दिया। रामू ने अपनी जान बचाने के लिए शोर मचाया तो बाइक सवार हमलावर वहां से भाग निकले। इसके बाद खून से लथपथ रामू भाग कर एक गली में पहुंचा और लड़खड़ा कर एक नाली में औंधे मुंह गिर पड़ा।

मार्निग वॉक पर निकली महिलाओं ने देखा
सुबह करीब साढ़े चार बजे मोहल्ले की कुछ महिलाएं मार्निग वॉक के लिए निकलीं। महिलाओं की नजर गली में पड़े खून पर पड़ी। वह लोग खून के निशान के सहारे उस नाली तक पहुंचीं जहां रामू पड़ा था। नाली में घायल व्यक्ति को देख महिलाओं ने शोर मचा दिया। शोर होते ही आसपास के लोग मदद के लिए जमा हो गए। सूचना पर पहुंची मडि़यांव पुलिस ने रामू को ट्रामा सेंटर लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रामू के परिवार में पत्नी सुशीला, दो बेटे विद्यासागर, आकाश और तीन बेटियां हैं।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना
पुलिस को छानबीन के दौरान घटना स्थल पर एक सीसीटीवी कैमरा मिला, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई थी। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि बाइक सवार तीन लोग गली में आकर रात करीब एक बजे रुके। इस बीच 1 बजकर 1 मिनट पर रामू जब गली से निकला तो उन्होंने उसे पकड़ लिया और बिना बातचीत के उस पर चाकू से हमला कर दिया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि रामू अपनी जान बचाने के लिए भागा तो हमलावरों ने उसे पकड़ लिया और दोबारा चाकू से हमला कर दिया। इस बीच रामू ने मदद के लिए शोर मचाया तो आरोपी भाग निकले। इसके बाद रामू एक दूसरी गली की तरफ भागता दिखा।

साढ़े तीन घंटा तड़पता रहा घायल
चाकू के हमले से घायल रामू की मौत मौके पर नहीं हुई थी। खून से लथपथ रामू नाली में जब गिरा था तब वह जिंदा था। करीब साढ़े तीन घंटे तक खून से लथपथ रामू नाली में तड़पता रहा। सुबह जब पुलिस मौके पर पहुंची उस वक्त भी रामू की सांस चल रही थी। डॉक्टरों ने बताया कि रामू की मौत अधिक खून बहने से हुई है।

पत्नी से झगड़ा कर निकला था
मडि़यांव पुलिस ने बताया कि रामू शराब पीने का आदी था। शनिवार को किसी बात को लेकर उसका पत्नी सुशीला से झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह घर से जमीन के कागजात लेकर निकल गया था। देर रात रामू का बेटा जगन्नाथ पिता को तलाशते हुए घर से निकला तो रामू उसको अन्ना मार्केट के पास मिल गया। बेटे ने पिता को मनाने की कोशिश और घर चलने के लिए कहा पर रामू ने घर जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद रामू का बेटा वापस घर आ गया था।

Posted By: Inextlive