-12 वर्ष की बच्ची के साथ वृद्ध ने किया दुष्कर्म

- छह माह की गर्भवती होने पर परिजनों को हुई जानकारी

-पड़ोस में ही रहता था दुष्कर्मी, बच्ची कहती थी बडे़ अब्बू

Meerut : लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय एक वृद्ध ने इंसानियत को ताक पर रखते हुए एक 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर दिया। यहीं नहीं आरोपी ने बच्ची को किसी को बताने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। बच्ची के परिजनों को घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब बच्ची बीमार हुई। अल्ट्रासाउंड कराने पर बच्ची छह माह की गर्भवती निकली। वहीं आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गया। शनिवार को बच्ची के परिजनों व पड़ोसियों ने पुलिस कार्यालय का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। एसएसपी ने संबंधित थानाध्यक्ष को मामले की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं।

ये है मामला

मामला लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र का है। पुलिस कार्यालय पर पहुंची पीडि़त परिवार ने एसएसपी को बताया कि उनके पड़ोस में 60 वर्षीय अनीस पुत्र सईन अपनी पत्‍‌नी व तीन बच्चों के साथ रहता था। आरोप है कि अनीस ने छह माह पूर्व उनकी 12 वर्षीय बच्ची के साथ घर में खींचकर दुष्कर्म किया था। पीडि़त पक्ष ने बताया कि दस दिन पूर्व उनकी बच्ची के पेट में दर्द हुआ था। जिसके बाद वह उसे लेकर एक डॉक्टर के पास गए।

गर्भवती निकली बच्ची

डॉक्टर ने बच्ची का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए भेजा। अल्ट्रासाउंड में बच्ची के पेट में छह माह का बच्चा आया तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। पूछने पर बच्ची ने बताया कि उनके बडे़ अब्बू अनीस ने छह माह पूर्व उसके साथ दुष्कर्म किया था और धमकी दी थी कि अगर किसी को भी इस घटना के बारे में बताया तो वह उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मार देगा। जिसके बाद उसने किसी को भी इस घटना के बारे में नहीं बताया।

कराई थी रिपोर्ट दर्ज

पीडि़त पक्ष ने एसएसपी को बताया कि उन्होंने 21 मार्च 2016 को इस घटना की रिपोर्ट लिसाड़ीगेट थाने में दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। वहीं आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ कहीं फरार हो गया है। पीडि़त पक्ष ने कप्तान से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।

----

फांसी की मांग

पुलिस कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे पीडि़त पक्ष व पड़ोसियों ने इस घिनौने कृत्य करने वाले आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने लिसाड़ीगेट पुलिस पर मिली भगत का आरोप लगाते हुए पुलिस मुर्दाबाद के भी नारे लगाए।

----

पुलिस से नोंकझोक

प्रदर्शन के दौरान पीडि़त पक्ष व पुलिस अधिकारियों के बीच जमकर नोंकझोक हुई। पीडि़त पक्ष का कहना था कि लिसाड़ीगेट पुलिस आरोपी को जानबूझकर गिरफ्तार नहीं कर रही है। हालांकि एसएसपी के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।

बेहोस हो गई मां

दुष्कर्म की शिकार पीडि़त बच्ची की मां इंसाफ के लिए गुहार लगा रही थी। इस बीच वह चिल्लाते हुए कई बार बेहोस होकर नीचे गिर गई। अन्य परिजनों ने महिला को पानी पिलाकर उसे होश में लाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप रहा।

दुष्कर्म के आरोपी को किसी भी कीमत पर नहीं बक्शा जाएगा। संबंधित थाना अध्यक्ष को इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।

-दिनेश चंद्र दूबे, एसएसपी मेरठ

Posted By: Inextlive