इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय की क्रॉसकंट्री टीम के खिलाडि़यों से लिए गए 1500-1500 रुपए

mukesh.chaturvedi@inext.co.in

ALLAHABAD: इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय की क्रॉसकंट्री टीम में चयनित खिलाडि़यों को अखिल भारतीय विश्वविद्यालय क्रॉसकंट्री प्रतियोगिता के लिए कर्नाटका जाना काफी महंगा पड़ा। प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाडि़यों से टिकट आदि के नाम पर 1500-1500 रुपए की वसूली का मामला सामने आया है। जबकि विश्वविद्यालय द्वारा खिलाडि़यों से 100 रुपए क्रीड़ा शुल्क के नाम पर लिए जाते हैं। कहा तो यहां तक जा रहा है कि टीम मैनेजर के चयन में भी मानकों की खुलेआम अनदेखी की गई है।

बाहर फैली बात तो मचा हड़कंप

अखिल भारतीय विश्वविद्यालय क्रॉसकंट्री प्रतियोगिता की डेट फाइनल होने के बाद इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय ने टीम का चयन के लिए 16 तारीख की डेट निर्धारित की। तय डेट पर ट्रायल में कई खिलाड़ी शामिल हुए। इनमें बालक वर्ग में पांच व बालिका वर्ग में छह युवतियों का चयन किया गया। बताते हैं कि चयनित इन खिलाडि़यों की टीम को प्रतियोगिता के लिए आयोजित स्थल गुलबर्गा विश्वविद्यालय गुलबेरी कर्नाटका भेजने की तैयारी शुरू हुई। टीम मैनेजर के रूप में राजनारायण डिग्री कॉलेज के गैर अनुमोदित शिक्षक का चयन किया गया। जानकार कहते हैं कि टीम मैनेजर के लिए राजकीय या अनुदानित महाविद्यालय का नियमित अनुमोदित सहायक प्राध्यापक होना जरूरी है। बताते हैं कि भेजी गई टीम के खिलाडि़यों का सारा खर्च कॉलेज को ही वहन करना चाहिए।

वर्जन

अधिकारियों के बाहर जाने की वजह से बजट की फाइल समय से पास नहीं हो सकी। खिलाडि़यों के भविष्य को देखते हुए टीम को भेजा जाना जरूरी था और बजट थे नहीं। ऐसे में आपसी सहमति से यह पैसा लगा कर खिलाड़ी खेलने के लिए रवाना हो गए। कॉलेज से बजट पास होने के बाद उनका पैसा वापस कर दिया जाएगा। चयनित टीम मैनेजर खेल का जानकार है।

-डॉ। भास्कर शुक्ल, क्रीड़ा सचिव राज्य विश्वविद्यालय इलाहाबाद

Posted By: Inextlive