-शहर में बढ़ रहा है खतरा, शहर में मिला दूसरा ऐसा परिवार जिसके आठ से अधिक सदस्य संक्रमित

-शाम तक मिले 16 नए मरीज, भाजपा महानगर अध्यक्ष के भाई और नारी निकेतन की दो महिलाएं मिलीं पॉजिटिव

PRAYAGRAJ: जिले में कोरोना कोरोना का कहर तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को जीटीबी नगर के रहने वाले एक ही परिवार के आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से खलबली मच गई। इसी परिवार की एक बुजुर्ग महिला की एक दिन पहले मौत हो चुकी थी, जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। गुरुवार को सुबह मालवीय नगर की रहने वाली एक महिला की मौत भी कोरोना से हो चुकी है। एक दिन में दो मौत से जिले में कोरोना मृतकों का आंकड़ा भी बढ़ गया है। दिनभर में 16 पॉजिटिव मामले आए हैं।

कोरोना ने दो को बनाया शिकार

गुरुवार को एसआरएन में भर्ती 70 साल की महिला की सुबह डेथ हो गई थी। मालवीय नगर की रहने वाली महिला के सीने में संक्रमण था। डॉक्टरों के मुताबिक शुगर और किडनी डिजीज के चलते उन्हें वेंटीलेटर पर शिफ्ट किया गया था, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। जबकि जीटीबी नगर की रहने वाली 87 साल की महिला की डेथ बुधवार देर रात हो गई। वह हार्ट डिजीज से ग्रस्त थीं। गुरुवार को उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई।

अब तक कुल नौ संक्रमित

एक मौत के साथ जीटीबी नगर के इस परिवार के अब तक कुल नौ संक्रमित पाए जा चुके हैं। दो दिन पहले इस परिवार के सदस्य की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बताया जाता है कि इनके भाई 17 जून को दिल्ली से आए थे। इसके बाद परिवार में पॉजिटिव आने का सिलसिला चल निकला। एक के बाद एक 9 मामले सामने आ गए। इसके अलावा बालिका बालगृह के दो लड़कियों समेत शांतिपुरम फाफामऊ और राजापुर के एक-एक मामले सामने आए हैं। एसआरएन हॉस्पिटल की एक हेल्थ वर्कर की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है। सर्दी-जुकाम के लक्षणों की जांच में करेली के ई ब्लॉक के 38 साल के एक व्यक्ति की रिपोर्ट भी पाजिटिव पाई गई है।

10 मरीजों को किया गया डिस्चार्ज

इस बीच गुरुवार को एसआरएन हॉस्पिटल से कुल दस मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। इनमें टैगोर टाउन, कल्याणीदेवी, एसाअरएन हॉस्पिटल के एक-एक मरीज शामिल हैं। जबकि सोरांव के तीन मरीजों को घर भेजा गया है। बताया गया कि गुरुवार को कुल 498 लोगों के सैंपल लिए गए और कुल 542 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

भाजपा अध्यक्ष के भाई संक्रमित

उधर भाजपा महानगर अध्यक्ष के बड़े भाई की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। उनको इलाज के लिए एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वह कृष्ण नगर कीडगंज के रहने वाले हैं। परिवार में उनके अलावा दो बेटे, एक बहू और दो बच्चे भी हैं। अब सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे जाने हैं।

एक ही परिवार के आठ लोग पॉजिटिव आए हैं। एक की मौत हो चुकी है। पिछले चौबीस घंटे में कोरोना से दो मौतें हुई हैं और 16 नए केस सामने आए हैं। लोगों से लगातार सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

-डॉ। ऋषि सहाय, नोडल कोविड 19

Posted By: Inextlive