निगम की रडार पर कूड़ा निस्तारण न करने वाले बैक्वेट हॉल

163 बैंक्वेट हॉल पर निगम करेगा कार्रवाई, एमडीए से मांगी सूची

400 से अधिक संस्थानों की बनाई सूची, जो नहीं कर रहे कूड़ा निस्तारण

100 किलो से ज्यादा कूड़ा जेनरेट करने पर खुद करना होगा निस्तारण

250 से अधिक कूड़ा जेनरेट करने वाले संस्थानों को दिया गया नोटिस

5 अगस्त यानि सोमवार तक नोटिस का देना होगा जवाब

Meerut। शहर को कूडे़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए अब नगर निगम भारी मात्रा में कूड़ा जेनरेट करने में वाली संस्थानों पर लगाम कसना शुरु कर दिया है। इस क्रम में निगम की नजर शहर के बैंक्वेट हॉल और बड़े हॉस्पिटल पर हैं जो रोजाना बल्क में कूड़ा जेनरेट करते हैं और उनके निस्तारण की व्यवस्था संस्थान के पास नही है। ऐसे में अब निगम एमडीए के सहयोग से इन संस्थानों पर कार्रवाई करने जा रहा है इसलिए निगम ने एमडीए से शहर के 163 से ज्यादा विवाह मंडपों की सूची मंगा ली है।

खुद करना होगा निस्तारण

पार्किंग की व्यवस्था ना करने के चलते शहर में जाम का कारण बने बैंक्वेट हॉल अब कूड़ा निस्तारण के मामले में फंसते नजर आ रहे हैं। बता दें कि हाईकोर्ट के निर्देश के तहत एमडीए ने भी 163 मंडपों को नोटिस देकर पार्किंग की व्यवस्था के संबंध में पांच अगस्त तक जवाब मांगा है। अब इस क्रम में एमडीए की सूची में शामिल करीब 163 से ज्यादा विवाह मंडपों पर निगम की नजरें भी टेढ़ी हो गई हैं जो 100 किलो से ज्यादा कूड़ा उत्पादन तो कर रहे हैं लेकिन उनके निस्तारण की व्यवस्था नही है। इन मंडपों का कूड़ा मंडप के आसपास पर खुली जगह पर या कूड़ा स्थल पर डंप किया जा रहा है। जबकि नियमानुसार इन बैंक्वेट हाल को खुद ही अपने कूडे़ के निस्तारण की व्यवस्था करनी थी।

निगम की नजर

सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पॉलिसी के तहत 100 किलो से ज्यादा कूड़ा निस्तारण करने वाले संस्थानों को खुद कूड़े का निस्तारण करना है। इस नियम को ध्यान में रखते हुए निगम ने अब 400 से ज्यादा बल्क जेनरेटर यानि ज्यादा कूड़ा निस्तारण करने वाले संस्थानों का चयन कर लिया है। जिनमें 163 से ज्यादा बैंक्वेट हॉल शामिल हैं। निगम जल्द ही इन मंडपों को नोटिस जारी कर कूड़ा निस्तारण ना करने का कारण पूछेगा। यदि संसथान द्वारा कूड़ा निस्तारण नही किया जाएगा तो कार्रवाई होगी।

163 बैक्वेट हॉल समेत करीब 250 से अधिक ऐसे संस्थानों को नोटिस दिया जा रहा है जो कूड़ा निस्तारण के नियम को फालो नही कर रहे हैं अब निगम इन संस्थानों पर जुर्माना लगाने की कार्यवाही करेगा।

डॉ। गजेंद्र सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

Posted By: Inextlive