- धनोलासेरा गांव में तीन मंजिला मकान की छत और दीवार टूटने से हुआ हादसा

BAGESHWAR: मकान की दीवार और पाल (भूतल की छत) टूटने से दो बुजुर्गों की मौत हो गई। जबकि 12 लोग घायल हो गए हैं। छह गंभीर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। 108 एंबुलेंस के जरिये बामुश्किल घायलों को अस्पताल तक पहुंचाया गया।

मकान की दीवार ढही

बागेश्वर की कांडा तहसील से सटे पिथौरागढ़ जिले के धनोलासेरा गांव में थर्सडे सुबह करीब नौ बजे मदन सिंह पुत्र नारायण सिंह के तीन मंजिला मकान की एक तरफ की दीवार गिर गई। बीच वाली मंजिल के एक कमरे में परिवार और गांव के लोग एकत्र थे। घर में देव डंगरिए (इंसान के शरीर में देवता का अवतरण) अवतरित हुए थे और जागर का आयोजन हो रहा था। इसी दौरान तीसरी मंजिल की छत और दूसरी मंजिल की पाल टूटकर भूतल में गिर गई। इससे गांव के हयात सिंह भंडारी (75) पुत्र दुलप सिंह भंडारी की मलबे में दबकर मौत हो गई। जबकि भूपाल सिंह (88) पुत्र हरक सिंह की जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में मौत हो गई है। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। गांव के नंदन सिंह और प्रमोद सिंह ने मलबे में दबे लोगों को बारी-बारी से बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस के जरिए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा पहुंचाया गया। घायलों का इलाज चल रहा है और छह गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना स्थल पर पिथौरागढ़ और अस्पताल में बागेश्वर प्रशासन पहुंचा और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

Posted By: Inextlive