पश्चिम बंगाल के एक गांव कई जानवर मृत पाए गए हैं। उनकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शवों से नमूने एकत्र किए गए हैं।

बर्दवान (पीटीआई)कोरोना वायरस को लेकर लोगों के बीच दहशत पैदा होने के दौरान पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले के एक गाँव में रविवार को 20 कौवे और 10 कुत्ते मृत पाए गए हैं। एक अधिकारी ने रविवार को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना भाटार इलाके के बालगाना गांव में हुई। पशु संसाधन विकास विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उनकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शवों से नमूने एकत्र किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शवों को अब दफना दिया गया है। हालांकि, भाटार ब्लॉक पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ निर्मल मोंडल ने कोरोना वायरस संक्रमण की मौतों का कारण होने की संभावनाओं को खारिज कर दिया है।

भारत में अब तक कोराेना वायरस पीड़तों की संख्या 390

बता दें कि भारत में कोरोना वायरस से आज महाराष्ट्र में एक और माैत हो गई है। भारत में अब तक कोराेना वायरस पीड़तों की संख्या 390 हो गई है। ऐसे में कोरोना वायरस के कहर को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारों ने देश भर के 80 जिलों को पूरी तरह से बंद करने का फैसला किया है। ये वो जिले हैं जहां कोरोनोवायरस के मामले सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के कई जिलों में लाॅकडाउन है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी 23 मार्च को सुबह 6 बजे से 31 मार्च की आधी रात तक दिल्ली बंद रहेगी। लॉकडाउन के दौरान शहर की सीमाएं सील रहेंगी लेकिन आम जनजीवन से जुड़ी मूलभूत सेवाएं चालू रहेंगी। लोगों के लिए स्वास्थ्य, भोजन, पानी और बिजली की आपूर्ति से संबंधित आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। वहीं डीटीसी की 25 प्रतिशत बसें आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को लाने के लिए चलेंगी।

Posted By: Mukul Kumar