- सूचना के आधा घंटे बाद भी नहीं पहुंची एंबुलेंस, ट्रैक्टर-ट्रॉली से अस्पताल पहुंचाया

- किरावली-अछनेरा मार्ग पर हादसा, छह को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया

किरावली। किरावली-अछनेरा मार्ग पर मंगलवार सुबह नौ बजे 20 सवारियां ले जा रहा लोडिंग टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सवारियां टेंपो के नीचे दब गई। राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने बमुश्किल उन्हें बाहर निकाला। सूचना के आधा घंटे बाद भी जब एंबुलेंस नहीं पहुंची तो घायलों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में सीएचसी ले जाया गया। वहां छह को गंभीर हालत में आगरा के जिला अस्पताल में रेफर किया गया है।

सभी लोग डावली गांव से नगला जारिया में गमी में शामिल होने जा रहे थे। अछनेरा मार्ग पर गांव पुरामना पहुंचते ही सवारियों से भरा लोडिंग टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। घायलों में लोहरे, गंगादेवी, कल्ला, गुड्डी, मीरा, लालवती, भगवान देई, माया, नंदो, कलावती, भूरी, रामवती, गोगो, मुन्नी, लक्ष्मी, विमला, मछला समेत कुल 20 सवारियां शामिल हैं। एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टेंपो तेज गति से लहराते हुए चल रहा था। इसी कारण चालक नियंत्रण खो बैठा।

अस्पताल में डॉक्टर नदारद, हंगामा

एक साथ इतने घायल सीएचसी पहुंचे तो व्यवस्थाएं कम पड़ गई। घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए स्ट्रेचर कम पड़ गए। यहां 10:20 बजे घायल अस्पताल में थे और डॉक्टर नदारद। जब ग्रामीणों ने हंगामा किया तब वहां पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाया। इसके बाद डॉक्टरों ने पहुंचकर घायलों का इलाज शुरू किया।

Posted By: Inextlive