पैनिक बटन के बारे में यात्रियों को नहीं दी जा रही जानकारी

- जानकारी के अभाव में यूं ही दबा देते हैं बटन

आगरा। पिंक बसों में प्रत्येक सीट पर पैनिक बटन लगा हुआ है। यह क्यों लगा है और इनका उपयोग कब किया जाता है, इसकी जानकारी यात्रियों को दो सौ रुपये जुर्माना के रूप में देने के बाद ही हो रही है। इसे लेकर परिचालक और यात्रियों के बीच में झगड़े की स्थिति भी पैदा हो जाती है। यात्रियों का तर्क होता है कि पैनिक बटन के बारे में जानकारी देनी चाहिए, ताकि उसका प्रयोग समय पर और उपयोगी हो सके।

केस 1

रविवार को अर्जुन नगर निवासी आदित्य कुमार अपनी बेटी के साथ आईएसबीटी से पिंक बस में दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। यमुना एक्सप्रेसवे से होते हुए बस दिल्ली के लिए जा रही थी। इसी दौरान गलती से उनसे पैनिक बटन दब गया। जिसका लखनऊ स्थित मुख्यालय पर अलर्ट पहुंचा। वहां से संबंधित डिपो आईएसबीटी पर फोन कर बटन दबाए जाने का कारण पूछा। पता चला कि बटन गलती से दबा है। इस पर उनसे दो सो रुपये जुर्माना भरने के लिए कहा गया। आदित्य कुमार ने तर्क दिया कि बटन उनसे गलती से दबा है। इसके साथ ही बटन के पास उसके प्रयोग के संबंध में जानकारी प्रकाशित होनी चाहिए, ताकि व्यक्ति सावधान हो सके। जुर्माना अदा करने को लेकर परिचालक और आदित्य के बीच में विवाद भी हुआ।

केस 2

केदार नगर निवासी प्रेमा सिंह अपने परिवार के साथ पिंक बस से दिल्ली के लिए रवाना हुई थीं। ठीक ऐसे ही प्रेमा से गलती हो गई। उनका कहना है कि उन्हें नहीं मालूम कि पिंक बटन का क्या उपयोग है। सामान्य तरीके से ही पिंक बटन को लिया गया। जुर्माना अदा करने को लेकर उनके साथ भी विवाद हुआ।

प्रत्येक सीट पर होता है पैनिक बटन

पिंक बस की हर सीट पर पैनिक बटन लगा हुआ है। बस में महिला यात्री के साथ मिसबिहेव होता है तो पैनिक बटन दबाने से सहायता ली जाती है। लेकिन, हकीकत ये हैं कि अधिकांश यात्रियों को इस संबंध में जानकारी ही नहीं होती है। इसका उदाहरण ये दोनों घटनाएं ही हैं।

जानकारी देनी चाहिए

चालक और परिचालक को पैनिक बटन के संबंध में यात्रियों को सफर से पहले जानकारी देनी चाहिए, ताकि समय पर और उसका उचित प्रयोग हो सके।

बस के चलने से पहले और समय-समय पर बस में अलर्ट किया जाता है। किसी भी सहायता के लिए पैनिक बटन दबाए जाने के संबंध में अवगत कराया जाता है।

चंद्रहंस

स्टेशन प्रभारी, आईएसबीटी

Posted By: Inextlive