- चौक के एक परिवार के 7 लोग हुए संक्रमित

- मुट्ठीगंज में भी एक ही परिवार से आए तीन लोग पॉजिटिव

- इंश्योरेंस कंपनी के तीन और नए लोगों में कोरोना की पुष्टि

कोरोना संक्रमण धीरे धीरे अपनी रफ्तार पकड़ रहा है। शनिवार को 22 नए मामलों ने दस्तक दी। इस तरह से दो दिन में 53 मामले सामने आ चुके हैं जो अभी तक सबसे ज्यादा हैं। नए मामलों में सात मरीज चौक के एक ही परिवार के हैं। संक्रमितों में 8 और 12 साल के बच्चे भी शामिल हैं। इनको इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा गया है। यह सभी परिवार की एक महिला के कांटेक्ट में आकर संक्रमित हुए हैं। वहीं नौ लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ होने के बाद घर गये।

तीन और कर्मचारी संक्रमित

इसी क्रम में सिविल लाइंस के विवेकानंद चौराहे के नजदीक स्थित इंश्योरेंस कंपनी के तीन और कर्मचारी शनिवार को पाजिटिव पाए गए। इस तरह से इस संस्थान के 17 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। यह सभी कंपनी के मैनेजर के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं, जबकि मुट्ठीगंज के परिवार के तीन लोग संक्रमित मिले हैं। सिविल लाइंस के रहने वाले भाजपा नेता के बाद उनकी की पत्‍‌नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है।

स्वस्थ हुए नौ मरीज

कोरोना से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या में भी रफ्तार बनी है। शनिवार को कुल नौ मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें घर भेज दिया गया। इनमें से आठ कोटवा और एक एसआरएन में भर्ती थे। डॉक्टर्स का कहना है कि जैसे-जैसे रिपोर्ट निगेटिव आती है, मरीजों को डिस्चार्ज किया जाता है। नई पालिसी के मुताबिक मरीजों को दस दिन हॉसिपटल में रखा जाता है।

सील हो गया सिविल लाइंस

निजी इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर सहित 18 कर्मचारियों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद सिविल लाइंस का विवेकानंद चौराहे से पेट्रोल पंप चौराहे तक सरदार पटेल मार्ग को सील कर दिया गया है। दिनभर इस रोड पर सन्नाटा पसरा रहा। अधिकारियों का कहना है कि कंपनी के कर्मचारियों के परिवार के लोगों की जांच भी कराई जा रही है। साथ ही इनके संपर्क में आने वालों को क्वारंटीन कर उनका सैंपल भी लिया जा रहा है।

केसेज की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को होशियारी बरतनी चाहिये। उन्हें मास्क का यूज करना होगा और आपस में दूरी बनाए रखनी है। ऐसा करके हम कोरोना की बढ़ती रफ्तार को काबू में कर सकते हैं।

डॉ। ऋषि सहाय, नोडल कोविड 19 प्रयागराज

Posted By: Inextlive