JAMSHEDPUR: पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने की। साकची जेल चौक स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र में उपायुक्त के साथ सिविल सर्जन डॉ। महेश्वर प्रसाद, आरसीएच पदाधिकारी डॉ। बीएन उषा, डॉ। आरके चौधरी मौजूद थे। उपायुक्त ने कहा कि काफी पहले से ही पोलियो उन्मूलन के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें हमारा देश काफी सफल भी है। बस आवश्यकता है कि यह अभियान रुके नहीं और हमलोग इसे लगातार चलाते रहें। ताकि पोलियो की समस्य हमारे देश में जड़ से खत्म हो जाए। इसके लिए पूर्वी सिंहभूम जिले की एएनएम, सहिया और चिकित्सक तथा व स्वास्थ्य विभाग की टीम काफी सक्रिय है। हमारा प्रयास जिले के शत फीसद बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का है। कुल तीन लाख 85 हजार बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन तीन लाख 35 हजार 441 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। सोमवार व मंगलवार को छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर ड्रॉप पिलाई जाएगी।

बच्चों को दी गई पोलियो की खुराक

पोटका प्रखंड क्षेत्र में रविवार से शुरू हुए पल्स पोलियो अभियान के तहत 29,394 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। इस बात की जानकारी देते हुए पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ। मृत्युंजय धाउडि़या ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में 32 हजार 551 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया था। हमले 90 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया। इधर माटीगोड़ा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में मुखिया कार्तिक हेम्ब्रम ने बच्चे को पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान की शुरुआत की। मौके पर एएनएम कांति सिंह व आंगनबाड़ी सेविका यशोदा सिंह मौजूद थे।

Posted By: Inextlive