व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल और राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप पहुंचे मेरठ

Meerut। सरकार भ्रष्टाचार और क्राइम पर जीरो टॉलरेंस की नीति से काम कर रही है। रोजगार केंद्रों पर बढ़ रही बेरोजगारों की भीड़ को कम किया जाएगा। स्वयं सहायता समूह एवं विभिन्न माध्यमों द्वारा प्रदेश के अंचल क्षेत्रों के युवाओं को अब जिला मुख्यालय के साथ-साथ तहसील मुख्यालय में भी ट्रेनिंग दी जाएगी। ये कहना था, प्रदेश सरकार में मंत्री बनने के बाद शनिवार को मेरठ पहुंचे मुजफ्फरनगर के विधायक और व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल का। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षो में 1.5 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ा जाएगा।

'न दें किसी को रिश्वत'

सरकार में मंत्री पद मिलने के बाद चरथावल (मुजफ्फनगर) से विधायक एवं योगी सरकार में राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्य मंत्री विजय कश्यप और कपिल देव अग्रवाल शनिवार को मंत्री पद मिलने के बाद मेरठ पहुंचे। यहां पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल और केंद्र सरकार में राज्यमंत्री डॉ। संजीव बालियान, जिलाध्यक्ष रविंद्र भड़ाना, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, आलोक सिसौदिया, युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष वीनस शर्मा, सचिन गुप्ता, रोटरी क्लब प्रभात के अध्यक्ष और व्यापारी नेता संजय शर्मा ने दोनों मंत्रियों का स्वागत किया। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री विजय कश्यप ने कहा कि राजस्व कार्यालयों में सभी कार्य ऑनलाइन हो रहा है। हर प्रमाण पत्र को जारी करने में समयबद्धता है, ऐसे में किसी को रिश्वत देने की आवश्यकता नहीं है। इसके बाद दोनों मंत्री खुले वाहन में सवार होकर मुजफ्फनगर की ओर रवाना हो गए।

Posted By: Inextlive