छत्तीसगढ़ के सुकमा में कैंप में सहकर्मी की गोलीबारी में सीआरपीएफ के 4 जवान शहीद हो गए और 3 जवान घायल है। घायल जवानों का उपचार जारी है। वहीं घटना के आरोपी कांस्टेबल को तुरंत पकड़ लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है।

सुकमा (एएनआई / आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के सुकमा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कैंप से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। न्यूज एजेंसी एएनआई के एक ट्वीट के मुताबिक यहां मराइगुडा पुलिस थाना सीमा के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक कैंप में सहकर्मी की गोलीबारी में चार जवान शहीद हो गए और 3 घायल हो गए। घायल जवानों को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया है। बस्तर के आईजी पी. सुंदरराज ने कहा कि यह घटना कैंप में तड़के करीब 3.15 बजे हुई।

Chhattisgarh: Four jawans of CRPF 50 Bn killed and 3 injured in a case of fratricide in a CRPF camp in Maraiguda Police station limits of Sukma. A jawan had opened fire at the camp. pic.twitter.com/4ZF64RCNKM

— ANI (@ANI) November 8, 2021

डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार कांस्टेबल रितेश रंजन ने अपने सर्विस हथियार एके-47 राइफल से अपने साथियों पर गोली चला दी। इसमें सात घायल कर्मियों को तुरंत पड़ोसी तेलंगाना के भद्राचलम इलाके के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया। मारे गए लोगों की पहचान कांस्टेबल राजमणि कुमार यादव, राजीव मंडल, धनजी और धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है, उन्होंने कहा कि तीन अन्य घायल कर्मियों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
घटना की जांच की जा रही
इसके साथ ही कहा कि गोलीबारी के पीछे के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है और घटना की जांच की जा रही है। कांस्टेबल रंजन को तुरंत पकड़ लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है। इसके पहले जनवरी में भी एक ऐसी ही घटना सामने आई थी। राज्य के बस्तर जिले में सीआरपीएफ के एक जवान की गोली लगने से एक जवान शहीद हो गया और एक अन्य घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक तब अपराधी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी।

Posted By: Shweta Mishra