पाकिस्तान के जेलों में 537 भारतीय नागरिक बंद हैं। पाक सरकार ने इस बात की पुष्टि की है।


इस्लामाबाद (पीटीआई)। पाकिस्तान के जेलों में 537 भारतीय नागरिक बंद हैं। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को अपने एक बयान कहा, 'भारतीय उच्चायोग को पाकिस्तानी जेलों में बंद उनके कैदियों की एक लिस्ट सौंपी गई, जिसमें बताया गया कि हमारे जेल में कुल 537 भारतीय कैदी बंद हैं, उनमें से 483 मछुआरे और 54 आम नागरिक हैं।'  विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह कदम पाकिस्तान और भारत के बीच 21 मई, 2008 के कांसुलर एक्सेस समझौते के तहत उठाया गया है। इस समझौते के तहत, दोनों देशों को साल में दो बार 1 जनवरी और 1 जुलाई को एक दूसरे की हिरासत में रखे गए कैदियों की सूची का आदान-प्रदान करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारत भी जल्द ही पाकिस्तान के उच्चायोग के साथ भारतीय जेलों में बंद पाकिस्तानी कैदियों की सूची साझा करेगा।अक्सर कर लिए जाते हैं गिरफ्तार
बता दें कि दोनों देशों ने बढ़ते तनावों के बावजूद कैदियों की सूची का आदान-प्रदान करने की प्रथा का पालन किया है। पाकिस्तान और भारत दोनों ही अक्सर मछुआरों को गिरफ्तार कर लेते हैं क्योंकि अरब सागर में समुद्र का कोई स्पष्ट सीमा नहीं है। इन मछुआरों के पास समुद्री इलाके में सटीक बॉर्डर को जानने के लिए तकनीक से लैस नौकाएं भी नहीं हैं। लंबी और धीमी कानूनी प्रक्रियाओं के कारण, मछुआरे आमतौर पर कई महीनों तक जेल में रहते हैं लेकिन समय-समय पर दोनों ही देश सद्भावना के रूप में उन मछुआरों को रिहा कर देते हैं।

पाकिस्तान ने स्वतंत्रता दिवस से पहले 30 भारतीय कैदियों को जेल से किया रिहा

Posted By: Mukul Kumar