रिटायरमेंट की उम्र के बाद आपका पुराना प्‍यार कलह का कारण बन जाएगा यह शायद अहमदाबाद के एक अध्‍ययापक ने नहीं सोचा था। उनकी पत्‍नी ने इस पूरे मामले को कोर्ट तक घसीटा और आखिर में 4500 रुपये प्रति महीने का संरक्षण शुल्‍क लेकर पति के साथ रहने का तैयार हो गई।

जवानी की वो प्रेम कहानी
यह पूरा मामला 65 साल के रिटायर्ड टीचर से जुड़ा है जिनकी पत्नी ने उन्हें कोर्ट में इसलिए घसीटा क्योंकि उन्होंने शादी के बाद कभी भी अपने पुराने प्यार का जिक्र नहीं किया। अध्यापक की 58 वर्षीय पत्नी उनसे दो साल से नाराज चल रही थीं जब उन्हें एक दिन यह पता लगा कि मास्टरजी का शादी से पहले एक लड़की के साथ अफेयर चल रहा था। हालांकि यह प्रेम कहानी उसी समय खत्म हो गई थी जब उस लड़की की आकस्मिक मृत्यु हो गई थी।

35 सालों तक छुपाई रखी बात

वकीलों और जजों ने महिला की काउंसलिंग की है तब जाकर उन्हें इस विवाद का कारण पता चल सका। दरअसल महिला इस बात से नाराज थी कि, उनके पति ने पिछले 35 सालों से यह बात छुपाकर रखी। महिला ने दावा किया कि उनके पति ने शादी के पहले के अफेयर को उनसे छिपाकर उन्हें धोखा दिया है। जिसके बाद उसने मदद के लिए फैमिली कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और भत्ते की मांग की। इसके साथ ही महिला ने अलग रहने के लिए किराए की रकम की मांग भी की थी।
समझाने के बाद छोड़ी जिद
लोक अदालत में दोनों पक्षों के वकीलों ने इस केस को सुलझाने की कोशिश की। काफी समझाने के बाद आखिरकार महिला ने पति से अलग रहने की जिद तो छोड़ दी। साथ ही उनके पति भी इस शर्त पर प्रति महीने संरक्षण राशि देने के लिए राजी हो गए।

inextlive from India News Desk

 

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari