- राज्य में 59 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की हुई पहचान

- कोविड-19 के मामले बढ़कर हुए दो हजार से ज्यादा

झारखंड कोरोना अपडेट

कुल सक्रिय केस : 678

अब तक स्वस्थ हुए : 1335

कुल मौत : 11

कुल मामले : 2024

रांची: झारखंड में अबतक लगभग 68 फीसद कोविड-19 के मरीज कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य के लिए यह राहत की बात है। अब यहां के सात जिलों में अभी कोई सक्रिय केस नहीं है। वहीं, लगातार कोरोना संक्रमितों की पहचान के क्रम में शनिवार को विभिन्न जिलों में 59 नए संक्रमितों की पहचान भी हुई है।

जमशेदपुर में सबसे ज्यादा केस

शनिवार को जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) में 23, सिमडेगा में 17, कोडरमा में पांच, गिरिडीह में चार, गढ़वा तथा पश्चिमी सिंहभूम में दो-दो तथा गुमला, रामगढ़, हजारीबाग और रांची में एक-एक नए मरीज मिले। रिम्स में भर्ती एक अन्य मरीज भी संक्रमित मिला है। इन सभी को कोविड अस्पतालों में भर्ती किया गया है। वहीं, शनिवार को ही खूंटी में सभी छह मरीज स्वस्थ हो गए। इस तरह, अब सात जिलों में कोरोना का कोई सक्रिय मरीज नहीं है। इनमें खूंटी के अलावा बोकारो, पाकुड, देवघर, साहिबगंज, दुमका तथा गोड्डा शामिल हैं।

68 परसेंट हुए स्वस्थ

राज्य में लगभग 68 फीसद मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गए हैं। राज्य में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 2024 हो गए हैं। हालांकि, इनमें 1335 स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में सक्रिय केस की संख्या 678 है। राज्य में अब 28 दिनों में मरीज दोगुने हो रहे हैं, जबकि पूरे देश में 19 दिनों में मरीज दोगुने हो रहे हैं। राज्य में कोरोना से मृत्यु दर 0.56 है, जबकि देश में यह दर 3.30 फीसद है है।

Posted By: Inextlive