- 65 नए पॉजिटिव केस मिले, रांची से भी दो इन्फेक्टेड

- 15 जून तक 905 लोग हुए थे रिकवर, अब अब 1406 हुए ठीक

रांची: कोरोना वायरस की चपेट में आने वाले लोगों की संख्या जिस रफ्तार से बढ़ रही है, उससे ज्यादा तेजी से लोग इस बीमारी को मात भी दे रहे हैं। एक हफ्ते पहले 905 लोगों ने रिकवरी की थी, जबकि रविवार तक 1406 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इस बीच रविवार को कुल 65 नए मरीजों की पहचान हुई, जिसमें रांची के भी 2 लोग शामिल हैं। दोनों रिम्स में इलाज करा रहे मरीज हैं। रविवार को गढ़वा के दो मरीज ठीक भी हुए। इस तरह अब राज्य में एक्टिव केसेज की संख्या 675 रह गई है।

13 जिलों से नए मरीज

65 नये कोरोना संक्रमितों में जमशेदपुर से 13, देवघर से 11, गोड्डा से 07, गुमला से 07, बोकारो से 07, गिरीडीह से 06, हजारीबाग से 04, चाईबासा से 02, रांची (रिम्स) से 02, कोडरमा से 02, रामगढ़ से 02, लोहरदगा से 01 और खूंटी से 01 मरीज शामिल हैं। इन संक्त्रमितों के साथ झारखंड में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 2092 हो गयी है। राज्य में अब कुल एक्टिव केस 675 रह गये हैं। वहीं अबतक 11 लोगों की मौत हो चुकी है।

जमशेदपुर के 13 मरीज

जमशेदपुर से मिले 13 कोरोना इन्फेक्टेड लोगों में से 2 की दिल्ली और एक की मुम्बई की ट्रेवल हिस्ट्री है। वहीं, संक्रमितों में 7 बहरागोड़ा, 2 मुसाबनी, 1 धालभूमगढ़, 1 एग्रिको, 1 सिदगोड़ा और 1 बारीडीह के रहने वाले हैं। इन सभी को हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया है। इधर, बोकारो, देवघर और गोड्डा में सभी मरीज पहले ही स्वस्थ हो चुके थे। इससे इन जिलों में कोई सक्रिय केस नहीं था, लेकिन रविवार को इनमें सात-सात नए केस मिल गए। राज्य में अब चार जिले ऐसे हैं जहां कोई सक्रिय केस अभी नहीं है।

2016 सैंपल्स की जांच

राज्य भर में रविवार को 2016 सैंपल्स की जांच की गई। इसमें 65 पॉजिटिव पाए गए। अब तक राज्य में 1,22,757 सैंपल्स कलेक्ट किए जा चुके हैं। इनमें से 1,21,770 सैंपल्स की जांच हो चुकी है। इस तरह अब केवल 987 लोगों का सैंपल बैकलॉग में रह गया है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों का कहना है कि दो दिनों के भीतर एक भी सैंपल बैकलॉग नहीं बचेगा। इसके बाद जितने नए सैंपल्स कलेक्ट किए जाएंगे, उतनी जांच हर रोज हो जाएगी। इससे कांटैक्ट ट्रेसिंग भी जल्द ही हो सकेगा।

Posted By: Inextlive