- एलेक्जेंडर क्लब के चुनाव में 1014 सदस्यों ने डाले वोट

- 14 पदों के लिए चुनाव मैदान में थे 28 प्रत्याशी

Meerut। एलेक्जेंडर क्लब की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए रविवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक मतदान किया। मतदान के बाद उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों समेत सभी 28 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया। चुनाव में 1,172 में से कुल 1014 सदस्यों ने अपना वोट डाला। मतदान के बाद सभी मतपेटियों को सील करके कड़ी सुरक्षा के बीच रख दिया गया है। मतों की गिनती आज सुबह नौ बजे से होगी।

दो वर्ष के लिए चुने जाएंगे सदस्य

एलेक्जेंडर क्लब की द्विवार्षिक कार्यकारिणी के लिए रविवार को चुनाव हुआ। यह चुनाव कुल 14 पदों उपाध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष समेत कुल 11 कार्यकारिणी सदस्यों के लिए हुआ। इन पदों के लिए कुल 28 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें उपाध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद पर कुल छह तथा कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के लिए 22 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया है। चुनाव मैदान में दो पैनल उतरे थे। जिनमें एक पैनल अरविंद नाथ सेठ एवं राकेश जैन का जबकि दूसरा वीके बंसल व जयप्रकाश अग्रवाल का था। दोनों ही पैनलों से कुल 14-14 प्रत्याशियों ने अपना भाग्य आजमाया। इसमें जीते प्रत्याशी दो साल के लिए चुने जाएंगे।

सचिव का परिणाम सबसे बाद में आएगा

मतदान की प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद अब 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से क्लब फैमिली हाल में मतगणना शुरू होगी। सबसे पहले कार्यकारिणी सदस्यों के मतों की गिनती की जाएगी। इसके बाद कोषाध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को मिले मतों की गिनती होगी। चुनाव अधिकारी इंदर गर्ग ने बताया कि सबसे अंत में सचिव पद का परिणाम घोषित किया जाएगा।

Posted By: Inextlive