JAMSHEDPUR: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोटसोना गांव में एक युवक की 5-6 अपराधियों ने पत्थर से कूच कर हत्या कर दी है। घटना मंगलवार की देर रात की है। मृतक का नाम शत्रुघ्न होनहागा (22 वर्ष) है। पुलिस रिकार्ड में शत्रुघ्न आ‌र्म्स एक्ट के एक मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने सूचना मिलने पर बुधवार को गांव जाकर शव को अपने में कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के समय मौजूद मृतक के पिता अर्जुन होनहागा ने बताया कि मंगलवार की रात को भोजन करने के बाद सभी अपने-अपने कमरे में जाकर सो गए थे। मध्य रात्रि में करीब 12.30 बजे एक चार पहिया वाहन व एक मोटरसाइकिल घर के पास आकर रुकी। वाहनों से 5-6 लोग उतर कर शत्रुघन को आवाज देकर बुलाने लगे।

डर के मारे खोला दरवाजा

इतनी रात में अचानक इतने लोगों को देखकर वो घबरा गया और डर के मारे दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलने पर उन लोगों ने पूछा कि शत्रुघन कहां सो रहा है, उसे जगा कर बुलाओ। उन लोगों को कहा कि वह घर पर नहीं हैं। एक व्यक्ति जो ¨हदी में बात कर रहा था उसने कहा कि ये झूठ बोल रहा है। वह घर में ही सोया हुआ है। उसके बाद वो लोग जबरन कमरे में घुस गए और शत्रुघ्न को खींचकर बाहर निकालने लगे। शत्रुघ्न ने विरोध किया मगर उन लोगों ने उसे जबरन उठाकर गाड़ी में डाल दिया। सुबह में गांव के बाहर शत्रुघ्न का शव पड़ा मिला।

किसी से नहीं थी दुश्मनी

शत्रुघ्न की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। हत्या किसने और क्यों की, कुछ जानकारी नहीं है। मुफ्फसिल थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि युवक का चेहरा पत्थर से कूचा गया है। पुलिस रिकार्ड में वो आ‌र्म्स एक्ट का फरारी है। संभवत: किसी पुराने विवाद को लेकर उसी के साथियों ने मिलकर उसकी हत्या की है। पुलिस अनुसंधान जारी है। जल्द ही हत्याकांड में शामिल लोग पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

वो आ‌र्म्स एक्ट का फरारी है। ऐसी आशंका है कि किसी पुराने विवाद को लेकर उसी के साथियों ने मिलकर उसकी हत्या की है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। जल्द ही हत्याकांड में शामिल अपराधियों को पुलिस दबोच लेगी।

-दिग्विजय सिंह, थाना प्रभारी, मुफ्फसिल

Posted By: Inextlive