बॉलीवुड सिंगर आदेश श्रीवास्‍तव का नाम और उनके गानों से तो लगभग सभी लोग वाकिफ होंगे। 'बागबान' 'बाबुल' 'चलते-चलते' 'कभी खुशी-कभी गम' और 'राजनीति' जैसी फिल्मों में इनके संगीत को श्रोताओं ने काफी पसंद किया है। वही आदेश श्रीवास्तव की हालत नाजुक इस समय नाजुक बनी हुई है। उन्हें फिर से कैंसर की शिकायत हो गई है। बीते 41 दिनों से वह कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है।

विदेश से मंगाए इंजेक्शंस भी हो रहे बेअसर
सोमवार को आदेश के साले और संगीतकार ललित पंडित ने इस बात की जानकारी दी कि आदेश बीते 41 दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें कैंसर ने फिर से अपनी गिरफ्त में ले लिया है। वह बहुत तेजी से बढ़ रहा है। इस समय उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अमेरिका से मंगाए गए नई तकनीक वाले इंजेक्शनों का भी उनके शरीर पर बहुत कुछ फर्क नहीं पड़ रहा है।
सर्जरी की भी संभावनाएं हैं अब कम
उन्होंने ये बताया कि उनके शरीर में ब्लड प्लेटलेट्स की संख्या बहुत ज्यादा कम हो गई हैं। इसके लिए सर्जरी की संभावना भी अब कम नजर आ रही है। डॉक्टर उनके स्वास्थ्य लाभ का पूरा प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह भी पूरे परिवार के साथ अस्पताल में ही हैं और सभी उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
डॉक्टरों ने दिया निजता का हवाला
हालांकि अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने आदेश के स्वास्थ्य के बारे में अन्य कोई जानकारी देने इंकार कर दिया है। डॉक्टर्स का कहना है कि परिजनों ने निजता का हवाला दिया है। बॉलीवुड की कई हस्तियों ने उनकी सेहत में सुधार के लिए दुआएं मांगीं हैं। स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने ट्वीट करके आदेश श्रीवास्तव के जल्द ठीक होने की कामना की है। गौरतलब है कि पांच वर्ष पहले आदेश को कैंसर हो गया था, लेकिन इलाज के बाद वह ठीक हो गए थे। अब इस बार उन्हें एक बार फिर से ये बीमारी हो गई है।

Hindi News from Bollywood News Desk

 

Posted By: Ruchi D Sharma