- खोराबार एरिया के तारामंडल की घटना

- उत्पात मचाने से मना कर रहे थे रिटायर्ड रामाधारी

GORAKHPUR: खोराबार एरिया के तारामंडल, सिद्धार्थ एनक्लेव में सनसनी ने रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी की त्रिशूल घोंपकर जान ले ली। घटना सोमवार सुबह करीब छह बजे हुई। हमलावर की हरकत से भगदड़ मच गई। पब्लिक ने उसे पकड़कर खूब पीटा। लोगों के गुस्से से बचाने के लिए पुलिस उसे कैंट थाना ले गई। थाने में उसने जमकर बवाल काटा। उसकी हरकत से पुलिस कर्मचारी परेशान रहे। आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके पुलिस जांच में जुटी है।

मना करने तीन बार मारा त्रिशूल

बेलीपार एरिया के चारपानी निवासी रामधारी मौर्या रेलवे कर्मचारी थे। वह आठ साल पहले कोलकाता में टेक्नीशियन पद से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने सिद्धार्थ एनक्लेव में मकान बनवाया। परिवार के साथ नए मकान पर शिफ्ट हो गए। उनके बेटे रामाशीष और अरुण प्राइवेट जॉब करते हैं। सोमवार की सुबह करीब छह बजे वह अपने लॉन में फूलों को पानी दे रहे थे। तभी मार्निग वॉक पर निकले लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ दूरी पर स्थित शिव मंदिर से त्रिशूल निकालकर एक सनकी ने लोगों को दौड़ लिया। उसने दो महिलाओं पर हमला किया। शोर सुनकर रामधारी घर से बाहर आ गए। वह चिल्लाते हुए आगे बढ़े तभी सनकी ने उन पर हमला कर दिया। सीने के ऊपर त्रिशूल से तीन बार वार किया। गंभीर घाव लगने से रामधारी की जान चली गई। रामधारी की मौत से घर में कोहराम मच गया।

नशे का आदी है हत्यारोपी

मर्डर से गुस्साए लोगों ने सनकी को घेरकर पकड़ लिया। उसकी पिटाई शुरू कर दी। किसी ने रामगढ़ ताल चौकी पर हत्या की सूचना दी। भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर आरोपी को पुलिस कैंट थाना ले गई। उसकी पहचान छपरा जिले तरइया, उसरी चांदपुरा निवासी काशी के रूप में हुई। आठ साल से जीडीए कॉम्पलेक्स के पास रहकर वह ठेला चलाता था। उसकी पत्नी उर्मिला और तीन बच्चे गांव पर रहते हैं। कैंट थाना पहुंचते ही वह सो गया। होश में आने पर उसने बवाल काटा। उसने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है। तीन दिनों से उसका दिमाग खराब हो गया है। इसलिए रविवार को पैडलेगंज में 15 शीशी शराब पी। नशा चढ़ने पर देवरिया की ओर चला गया। रात में कब लौटकर आया इसका पता नहीं चला। सुबह उसको अचानक कुछ हो गया था। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को बताया कि रात में बवाल कर रहा था। इसलिए कुछ लोगों ने उसको बांध दिया था। सुबह होने पर उसने किसी तरह से खुद को खोल लिया।

वर्जन

आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं लग रही है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।

-अभय कुमार मिश्रा, सीओ कैंट

Posted By: Inextlive