1993 मुंबई ब्‍लॉस्‍ट के आरोपी अबू सलेम को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। टाडा कोर्ट ने 24 साल बाद यह फैसला सुनाया। यानी कि अब उम्र भर सलेम को जेल में रहना पड़ेगा। एक समय काफी शान-ओ-शौकत से जिंदगी जीने वाले अबू सलेम से बॉलीवुड थर-थर कांपता था। आइए जानें उसकी जिंदगी से जुड़ी कुछ बातें...

मुंबई में किया था ब्रेड डिलीवरी का काम
आजमगढ़ में पैदा हुआ अबू सलेम साल 1986 में मुंबई आया था। पहले उसने मुंबई के बांद्रा और अंधेरी के बीच ब्रेड डिलीवरी का काम किया। इसके बाद अंधेरी में ही एक कपड़े की दुकान में काम करना शुरु कर दिया। 1987 में अबु सलेम ने एक रियल एस्टेट ब्रोकर के तौर पर भी काम किया। यह काम अबु सलेम ने अंधेरी से ही करना शुरू किया था। इस दौरान मुंबई में ही माफिया लोगों से उसकी मुलाकात हुई और क्राइम की दुनिया की तरफ बढ़ चला।
दाउद से मुलाकात
1989 सलेम की मुलाकात दाउद से हुई और उसने दाउद के कुछ जमीन से जुड़े काम देखना शुरू किया। यहीं से सलेम दाउद इब्राहिम के छोटे अनीस के संपर्क में आया। सलेम हथियारों की डिलीवरी का काम करता था। इसके बाद 1990 में दाउद इब्राहिम ने अबु सलेम को डी कंपनी की देख-रेख का काम सौंप दिया। इसके बाद दाउद के इशारों पर अबु सलेम ने फिल्मी सितारों और बड़े कारोबारियों से जबरन वसूली करने का काम शुरू कर दिया। हालांकि 1998 में अबु सलेम ने दाउद का साथ छोड़ कर अपना रास्ता अलग कर लिया। अबु सलेम ने दुबई में एक बिजनेस भी शुरू किया जिसे किंग्स ऑफ कार ट्रेडिंग का नाम दिया। कई सारे स्टेज शो ऑर्गेनाइज किए जिसमें वो फिल्मी सितारों को बुलाता था।

बॉलीवुड में था खौफ

अबू सलेम के नाम का खौफ सबसे ज्यादा बॉलीवुड में था। सलेम ने बॉलीवुड सितारों, निर्माताओं के साथ-साथ बिल्डरों से जमकर वसूली करना शुरू कर दिया। पैसा वसूल करने के लिए उसने हर तरकीब अपनाई। धमकी देना, गोलीबारी करना और यहां तक कि किसी की जान लेना उसके लिए खेल बन गया था। उसका आतंक मायानगरी में इस कदर बढ़ गया कि बॉलीवुड का हर छोटा बड़ा आर्टिस्ट और फिल्म निर्माता अबू सलेम उर्फ कैप्टन के नाम से ही कांपने लगा था। 1997 में अबु सलेम पर संगीत की दुनिया के दिग्गज गुलशन कुमार को भी मारने का आरोप लगा।
एक्ट्रेस फंस गईं प्रेम जाल में
अबु सलेम का बॉलीवुड कनेक्शन सिर्फ फिरौती मांगने तक सीमित नहीं था। वह फिल्म एक्ट्रेस मोनिका बेदी के साथ कई सालों तक रिलेशन में भी रहा। मोनिका बेदी के प्यार में पागल सलेम उसे साथ ले विदेश फरार हो गया था। 20 सितंबर, 2002 को इंटरपोल की मदद से पुर्तगाल में उसे मोनिका बेदी के साथ गिरफ्तार किया गया था। सलेम ने दावा किया था कि साल 2000 में लॉस एंजिलिस की एक मस्जिद में मोनिका बेदी के साथ उसकी निकाह हो चुकी है। हालांकि मोनिका ने इससे इन्कार करते हुए कहा था कि मैं सलेम के साथ रही हूं लेकिन हमारा निकाह नहीं हुआ। मोनिका को अबु सलेम के साथ साल 2002 में इसे पुर्तगाल से भारत लाया गया था। मोनिका मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर जिले के चब्बेलाल गांव की रहने वाली हैं। मोनिका ने जानम समझा करो, जोड़ी नम्बर वन और प्यार इश्क और मोहब्बत जैसी सफल हिंदी फिल्मों में काम किया हैं।

Interesting News inextlive from Interesting News Desk

 

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari