व्यापार संघ की बैठक में होगा दीपावली मेले पर मंथन

Meerut। शहर के प्रमुख बाजार और शहर का दिल कहा जाने वाला आबूलेन बाजार इस दीपावली को रोशन होगा। यही नहीं पहले की तरह दीपावली मेला भी आबूलेन पर लगने की पूरी उम्मीद है। गौरतलब है कि लगातार दो साल से आबूलेन पर दीपावली मेला आयोजित नहीं किया जा रहा था। इस कारण से दीपावली पर आबूलेन मेले में आने वाले लोगों समेत खुद व्यापारियों की दीपावली फीकी रही थी, लेकिन इस बार आबूलेन व्यापार संघ दीपावली पर मेले के आयोजन का मन बना चुका है। हालांकि इस संबंध में व्यापारियों की बैठक में निर्णय लिया जाएगा, लेकिन मेले के संबंध में व्यापारियों की लगभग सहमति है।

दो साल से फीकी थी रौनक

आबूलेन का दीपावली मेला पूरे शहर का सबसे बेहतरीन मेला होता है। हर साल दीपावली मेले में हजारों की संख्या में लोग मेले की रौनक देखने आते थे। लेकिन पिछले दो साल से मेला नही लगाया जा रहा था। कुछ मंदी का दौर और कुछ कैंट बोर्ड की अनुमति ना मिलने के कारण मेला नही लग सका था। लेकिन इस बार व्यापार संघ पूरी तरह से मेला आयोजित करने के पक्ष में है। इसके लिए व्यापार संघ ने तीन दिन बाद व्यापारियों की बैठक बुलाई है इसके बाद कैंट बोर्ड से अनुमति ली जाएगी।

बैठक में होगा निर्णय

इस संबंध में आबूलेन व्यापार संघ के अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों समेत व्यापारियों को बैठक में बुलाया गया है। बैठक में सभी व्यापारियों की सहमति से मेले के आयोजन और उसके संबंध में तैयारियों पर निर्णय लिया जाएगा। हालांकि अधिकतर व्यापारी मेले के पक्ष में हैं।

दो साल से मेला नहीं लगाया जा रहा था, लेकिन इस बार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए हमने व्यापारियों की बैठक बुलाई है बैठक में विचार विमर्श के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा।

नरेंद्र सिंह, अध्यक्ष आबूलेन व्यापार संघ

दो साल पहले भारतीय सेना पर हमले के विरोध में मेला नहीं लगाया गया था उसके बाद कुछ मंदी के कारण मेला नही लगा था, लेकिन हर साल बाजार सजाया गया था। इस बार मेले का आयोजन किया जाएगा इसका प्रयास है। तीन दिन बाद बैठक में इस पर विचार किया जाएगा।

राजबीर सिंह, संयुक्त सचिव आबूलेन व्यापार संघ

Posted By: Inextlive