स्कूटी से घर जाते समय हुआ था हादसे का शिकार

इलाज के दौरान एसआरएन हॉस्पिटल में हुई मौत से परिजनों में कोहराम

PRAYAGRAJ: हाईकोर्ट के पास फ्लाईओवर ब्रिज पर हुए हादसे में घायल योगेश कुमार (18) की मौत हो गई। शनिवार की रात वह स्कूटी से घर जा रहा था। हादसे के बाद गाड़ी सहित चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे घायलावस्था में एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। योगेश घर का इकलौता था।

पुलिस ने कराया था भर्ती

खुल्दाबाद एरिया के कर्बला निवासी योगेश कुमार पुत्र स्व। मुकेश कुमार सैलून चलाता था। शनिवार रात स्कूटी से वह घर जा रहा था। बताते हैं कि हाईकोर्ट के पास फ्लाईओवर पर किसी वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वाहन सहित चालक फरार हो गया। यात्रियों ने जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल योगेश को एसआरएन हॉस्पिटल ले गई। भर्ती कराने के बाद उसके परिजनों को खबर दी। जानकारी हुई तो परिजन संग उसकी मां ममता भी हॉस्पिटल पहुंच गई। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Posted By: Inextlive