-जंघई व बिगहिया में हुआ हादसा, पैथोलॉजी के टेक्नीशियन समेत महिला की मौत

PRAYAGRAJ: शहर के एक पैथोलॉजी में टेक्नीशियन रहे बृजेश कुमार (32) की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह ड्यूटी के बाद बाइक से घर जा रहे थे। वहीं जंघई में भतीजे संग बाइक से जा रही सावित्री देवी (50) ने भी रोड एक्सीडेंट दम तोड़ दिया। हादसे के बाद भाग रहे वाहन चालकों को लोगों ने दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बोलेरो ने मार दी टक्कर

उतरांव एरिया स्थित आराखुर्द निवसी बृजेश कुमार पुत्र नागेंद्र प्रसाद शहर स्थित एक पैथालॉजी में टेक्नीशियन के पद काम कर रहे थे। रविवार देर शाम वह ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से घर जा रहे थे। थरवई एरिया स्थित बिगहिया के पास उनकी बाइक में तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्क्रर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। बोलेरो सहित भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जानकारी उनके घर दी तो पत्नी नीतू सहित दो बेटे व एक बेटी चीख पड़ी। परिजन भाग कर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।

भतीजे संग जा रही थी महिला

इसी तरह सरायममरेज एरिया के रस्तीपुर की सावित्री देवी पत्नी संतलाल भतीजे ज्ञानचंद्र के साथ बाइक से सोमवार सुबह कहीं जा रहे थे। जंघई पेट्रोल पम्प के पास बाइक में पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दिया। हादसे के बाद पिकअप गाड़ी लेकर भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर दबोच लिया। लोगों ने जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सावित्री देवी व उसके भतीजे ज्ञानचंद्र को स्थानीय हॉस्पिटल ले गई। हॉस्पिटल में सावित्री देवी ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिजनों में रोना पीटना मच गया।

Posted By: Inextlive