नगर निगम ने आपत्ति के लिए दिया एक सप्ताह का समय

2011 की जनगणना के अनुसार हुआ है परिसीमन

ALLAHABAD: जनगणना 2011 के अनुसार हुए परिसीमन को लेकर हो रहे विरोध को देखते हुए निगम ने आपत्तियां आमंत्रित करने और उनके निस्तारण के बाद ही फाइनल करने का निर्णय लिया है। शासन के आदेश पर नगर निगम ने लोगों से परिसीमन पर आपत्ति मांगी है। इसके लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। एक सप्ताह में जितनी भी आपत्तियां आएंगी, उनका निस्तारण कराया जाएगा। आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद ही परिसीमन को फाइनल किया जाएगा।

सीमा विस्तार पर नहीं हुआ काम

नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन ने शहर के 80 वार्डो का जो परिसीमन तैयार किया है, उसमें शहर की सीमा का विस्तार भी होना था। लेकिन सीमा विस्तार पर कोई काम नहीं हो सका। शासन ने सख्ती बरती तो केवल 80 वार्डो के भीतर का परिसीमन किया गया। 2011 की जनगणना के अनुसार परिसीमन में चार वार्ड खत्म हो गए और नए वार्ड बना दिए गए हैं। जिन पार्षदों के वार्ड खत्म हुए वे नया क्षेत्र तलाशने में जुटे हैं।

शासन को परिसीमन का जो प्रस्ताव भेजा गया है, उसमें शहर के करीब 70 वार्डो के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर फेरबदल हुआ है। इसका आधार जनगणना 2011 को बताया गया है। उसमें दर्ज आबादी के अनुसार ही परिसीमन किया गया है। जनगणना 2011 में कई वार्डो में आबादी 2001 की अपेक्षा काफी कम दर्ज की गई है।

पहले ही शुरू हुआ विरोध

परिसीमन में कई वार्डो का अस्तित्व खत्म होने और पूरा एरिया ही बदल जाने से वर्तमान पार्षदों के साथ संभावित दावेदारों की पूरी प्लानिंग फेल हो गई। इसे लेकर परिसीमन तैयार होते ही विरोध शुरू हो गया। अब बड़ी संख्या में आपत्तियां आने का अनुमान है।

एक-दो दिन के अंदर नगर निगम द्वारा तैयार परिसीमन का प्रकाशन अखबारों में करा दिया जाएगा। पूरा ब्यौरा पब्लिक के सामने आने के बाद पब्लिक से आपत्ति मांगी जाएगी। सात दिन का समय दिया जाएगा। सात दिन के अंदर जितनी भी आपत्तियां आएंगी, सभी का निस्तारण करने के बाद ही फाइनल रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

शेषमणि पांडेय, नगर आयुक्त, नगर निगम

Posted By: Inextlive