- आय जाति और मूल निवास के प्रमाण पत्र अटके

- गलत रिपोर्ट और लेखपालों की मनमानी के कारण हो रही परेशानी

आगरा। हड़ताल सबसे ज्यादा युवाओं को प्रभावित कर रही हैं। भर्ती प्रक्रिया के साथ ही शिक्षण संस्थाओं में एडमिशन लेने के लिए प्रमाण पत्रों की आवश्यकता होती है। इसके लिए युवाओं ने आवेदन कर रखे हैं। करीब 20 हजार प्रमाण पत्र ऐसे हैं, जो हड़ताल के कारण अटके पडे़ हैं। आए दिन लेखपालों की किसी न किसी विषय पर हड़ताल होती रहती है। जिसके कारण ऐसे आवेदनों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है।

भत्ता से लेकर पदोन्नति को लेकर हो रही है हड़ताल

लेखपालों की पदोन्नति से लेकर वेतन विसंगतियों को लेकर हड़ताल चली आ रही है। आश्वासन के बाद खत्म कर दी जाती है। इसके कुछ समय बाद फिर से हड़ताल शुरू हो जाती है। अब चकबंदी विभाग को मर्ज किए जाने को लेकर हड़ताल कर दी गई। हड़ताल को बहाना बनाकर रिपोर्ट लगाने में आनाकानी करने की लेखपालों की आदत बन गई है। जिसके कारण आय, जाति मूल निवास प्रमाण पत्र प्रभावित हो रहे हैं।

गलत लगा रहे हैं रिपोर्ट

जिन प्रमाण पत्रों की इस बीच जांच पड़ताल कर भी ली जाती है, तो गलत रिपोर्ट लगा दी जाती है। इस संबंध में जब लेखपाल से अपना पक्ष रखा जाता है तो कह दिया जाता है कि बाद में आना, अभी हड़ताल चल रही है। आखिर प्रमाण पत्र अटक ही जाता है। ऐसे युवाओं की कोई सुनने वाला नही है।

प्राइवेट लड़के कर रहे हैं कार्य

लेखपाल स्वयं मौके पर जांच पड़ताल करने नहीं पहुंच रहे हैं। वे अपने प्राइवेट लड़कों को भेजते हैं। अगर उनकी सेवा नहीं होती है तो वे गलत रिपोर्ट लगाकर निरस्त कर देते हैं।

Posted By: Inextlive