RANCHI: झारखंड हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस प्रशांत कुमार का शुक्रवार की सुबह पांच बजे निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शुगर की वजह से उनकी किडनी भी प्रभावित हो गई थी, जिसकी वजह से उनका डायलेसिस भी किया जा रहा था। 28 अगस्त को उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की सुबह पांच बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा और निधन हो गया। वह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गुहियां छपरा के रहने वाले थे। उनके पार्थिव शरीर को सबसे पहले डोरंडा स्थित उनके आवास पर लाया गया। निधन की सूचना मिलने के बाद हाई कोर्ट के सभी जज, महाधिवक्ता सहित अन्य अधिवक्ता वहां पहुंचे थे।

सीएम व अर्जुन मुंडा ने दी श्रद्धांजलि

सुबह करीब साढ़े दस बजे मुख्यमंत्री रघुवर दास उनके आवास पहुंचे और उन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने जस्टिस प्रशांत कुमार की पत्नी और दोनों बेटी जूही प्रशांत और नेहा प्रशांत से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। सीएम ने कहा कि जस्टिस प्रशांत कुमार ने काफी संघर्ष किया है। लंबे समय तक वो अपनी बीमारी से लड़ते रहे। इसके कुछ देर बाद ही केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी वहां पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पगुच्छ अर्पित किया। कहा कि जस्टिस प्रशांत कुमार को वो लंबे समय से जानते थे। उनके मुख्यमंत्री काल में वो विधि सचिव भी रहे। उनका बहुत ही सौम्य और सरल व्यवहार था। उनके निधन न्यायिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

बड़ी बेटी जूही ने दी मुखाग्नि

दोपहर दो बजे उनका पार्थिव शरीर झारखंड हाई कोर्ट लाया गया। यहां हाई कोर्ट के सभी जज, महाधिवक्ता, अपर महाधिवक्ता, सीएस, डीजीपी, डीसी, एसएसपी, सरकारी वकीलों और अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उनकी शव यात्रा निकाली गई। शाम चार बजे हरमू के मुक्ति धाम में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी बेटी जूही प्रशांत ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान उनकी छोटी बेटी नेहा प्रशांत भी मौजूद थीं। उनके निधन पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत जजों और वकीलों ने शोक जताया है। जस्टिस प्रशांत कुमार के निधन के बाद हाई कोर्ट समेत राज्य के सभी अदालतों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। इसको लेकर रजिस्ट्रार जनरल अंबुज नाथ ने अधिसूचना भी जारी कर दी थी।

सात जून को बने थे एक्टिंग चीफ जस्टिस

जस्टिस प्रशांत कुमार सात जून 2019 को झारखंड के एक्टिंग चीफ जस्टिस बने थे। 10 मई 2019 को उनका तबादला इलाहाबाद हाई कोर्ट से झारखंड किया गया था। झारखंड हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस डीएन पटेल के दिल्ली हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस बनाए जाने के बाद जस्टिस प्रशांत कुमार सात जून को एक्टिंग चीफ जस्टिस बने थे। वह राज्य के विधि सचिव भी रह चुके थे। 21 जनवरी 2009 में उन्हें झारखंड हाई कोर्ट का अपर न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। वर्ष 2016 में उनका इलाहाबाद हाई कोर्ट तबादला कर दिया गया था।

Posted By: Inextlive