- बीच के पुल निर्माण ने बिगाड़ी वाहनों की चाल

- फ्लाईओवर व सर्विस रोड से एक साफ निकलते हैं वाहन

आगरा। शहर में सबसे अधिक जाम वाटर व‌र्क्स चौराहे पर बना हुआ है। यहां पर रोडवेज की बसों के चलते अक्सर जाम लगा रहता था लेकिन एसएसपी अमित पाठक ने रोडवेज कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई कर चौराहे को जाम मुक्त कराया। इसके बाद भी चौराहा जाम मुक्त नहीं हो पाया। दरअसल वहां पर बन रहे नए पुल के निर्माण के चलते जाम की स्थिति बनी हुई है।

एक रोड पर आ जाते हैं वाहन

दो दिन पहले एसएसपी वाटर व‌र्क्स चौराहे पर पहुंचे तो रोडवेज की बस खड़ी थीं। बसों के होने से वहां पर यातायात बाधित हो रहा था। एसएसपी ने तुरंत मामले में एक्शन लिया। मामले में चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। एसएसपी के इस एक्शन का नतीजा वाटर व‌र्क्स चौराहे पर देखने को मिल रहा है। फ्लाईओवर के नीचे जाम की स्थिति नहीं हैं। यहां पर हल्का चलता हुआ जाम है। चूंकि वाहन चारों तरफ से आते हैं।

फ्लाईओवर उतरते ही जाम

वॉटर व‌र्क्स चौराहे पर जाम से निजात के लिए फ्लाईओवर बनवाया गया। लेकिन अब राम बाग जाने वाले दोनों पुल के बीच नया ब्रिज बनाया जा रहा है। ब्रिज का काम होने के चलते फ्लाईओवर से आने वाले वाहन व सर्विस रोड पर आने वाले वाहन एक ही पुल पर जाते हैं जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। वहां पर पुलिस बल भी तैनात रहता है लेकिन वह जाम को रोकने में नाकाम होते हैं।

सुधरने में लगेगा समय

वाटर व‌र्क्स चौराहे पर जब तक पुल का काम चले तब तक इसी तरह जाम रहेगा लेकिन जब भी ब्रिज तैयार होगा चौराहा पूरी तरह से खुला दिखेगा। कई बार जाम के चलते वाहन उल्टे भी आ जाते हैं जिससे जाम लग जाता है। साथ ही चौराहे पर आने वाली बस सीधे पुल में एंट्री होते ही खड़ी हो जाती है चूंकि वहां पर यात्री खड़े रहते हैं। यह भी जाम का एक कारण हैं।

Posted By: Inextlive