आगरा। बेनामी प्रॉपर्टी रखने वालों की अब खैर नहीं। प्रशासन जल्द ही इन पर शिकंजा कसने जा रहा है। इसके लिए प्लान तैयार कर लिया गया है। जल्द टीम का गठन होगा। नौकर और करीबियों की जांच-पड़ताल कर बड़ी मछलियों को घेरने की तैयारी है। जानकारी जुटाने के बाद विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

नौकरों के नाम करा देते हैं प्रॉपर्टी

ब्लैकमनी को ठिकाने लगाने के लिए अक्सर बेनामी संपत्ति तैयार की जाती है। इन बेनामी संपत्तियों को भरोसेमंद लोगों के नाम करवा दिया जाता है। जैसे घर का कोई विश्वासपात्र नौकर या फिर कोई अन्य करीबी। प्रशासन की टीम अब ऐसे ही लोगों का रिकॉर्ड खंगालने जा रही है, जिनके पास आय के सोर्स की अपेक्षा कई गुना अधिक संपत्ति है। टीम ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके करीबियों पर नजर रखेगी। जरूरत पड़ी तो उससे पूछताछ भी की जाएगी। अगर कोई गड़बड़ी मिलती है तो जांच का दायरा नौकर के परिवारीजन और रिश्तेदार तक भी पहुंच सकता है

आधार भी करेगा मार

बेनामी संपत्तियों पर लगाम कसने के लिए शासन ने निर्णय लिया है कि संपत्तियों को उनके मालिकों के आधार नम्बर से लिंक किया जाएगा। इससे कई बेनामी संपत्तियां सामने आ सकती हैं।

एडीएम वित्त होंगे मुखिया

बेनामी संपत्ति का पता लगाने के लिए टीम का गठन किया जाएगा। इस टीम का नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को बनाया जाएगा।

मौखिक तौर पर मिल चुकी है जानकारी

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शासनादेश तो नहीं मिला है, लेकिन मौखिक तौर पर जरूर जानकारी दी गई है। आगे की क्या कार्रवाई होगी, इसका निर्णय शासन स्तर से किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें तो सिर्फ रिपोर्ट देनी है।

-------------------------

टीम में ये विभाग होंगे शामिल

प्रशासन

पुलिस

आयकर

आर्थिक अपराध शाखा

सोशल मीडिया बनेगा सहारा

बेनामी संपत्तियों के संबंध में सुराग हासिल करने के लिए सोशल मीडिया जांच एजेंसियों के लिए बड़ा हथियार बन सकती है। सोशल मीडिया एकाउंट से किसी के भी मूवमेंट, उसकी लाइफ स्टाइल आदि की जानकारी जुटा सकेंगी।

Posted By: Inextlive