- 23 फरवरी तक चलेगा अतिक्रमण हटाने का यह अभियान

PATNA : पटना को जलजमाव से बचाने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। नालों से सटे या अतिक्रमण कर उस पर किए गए निर्माण को तोड़ने काम शुक्रवार को शुरू हुआ। अतिक्रमण कर बनीं घरों की सीढि़यां भी तोड़ी गई। सैदपुर इलाके को छोड़कर कहीं भी टीम को विरोध का सामना नहीं करना पड़ा। अतिक्रमण हटाने का काम सभी अंचलों में किया गया। सिटी अंचल के वार्ड संख्या 67 में मोट नाला नहर पर तीन पक्के घरों को ध्वस्त किया गया। पांच झोपडि़यां भी हटाई गई। सैदपुर में स्थानीय लोगों ने अभियान के दौरान जमकर हंगामा किया।

राजीव नगर में 75 झोपडि़यां ध्वस्त

पाटलिपुत्र अंचल के कुर्जी और राजीवनगर नाले से अतिक्रमण हटाया गया। 75 झोपडि़यों को ध्वस्त किया गया। 10 अवैध बैनर हटाए गए। एक टिपर बालू एवं हाइवा भरके मलबा हटाया गया। बांकीपुर अंचल क्षेत्र की सैदपुर नहर रोड से पांच झुग्गी-झोपडि़यों को हटाया गया तथा लगभग 20 स्थायी मकानों की सीढि़यों को तोड़ा गया। दो ट्रैक्टर मलबा उठाया गया। नूतन राजधानी अंचल के सर्पेटाइन नाले पर पटेल गोलंबर एवं दारोगा राय पथ के दक्षिणी इलाके में अभियान चला।

समय से हो जल निकासी की व्यवस्था

डीएम कुमार रवि ने बताया कि शहर को जलजमाव से बचाने के लिए समय रहते पानी निकासी की व्यवस्था करनी है। किसी भी स्थिति में जलजमाव से निपटने के लिए तय लक्ष्य को पूरा करना है। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि 23 फरवरी तक नाले को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान तेजी से चलाएं।

Posted By: Inextlive