शनिवार को भी रजिस्ट्री कार्यालय में जड़ा ताला

आगरा। प्रस्तावित सर्किल दरों को लेकर शनिवार को भी तहसील सदर के वकील, दस्तावेज लेखक और स्टांप वेंडरों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। तीसरे दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। निबंधन कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध जताया। पिछले दो दिनों से सदर तहसील में एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी है।

नहीं मिला आश्वासन

एआईजी स्टाम्प निरंजन कुमार पर आरोप है कि वे जिलाधिकारी से गुपचुप तरीके से सर्किल दरें जारी करने के प्रयासों में थे, लेकिन इसकी जानकारी होने पर वकीलों ने हंगामा खड़ा कर दिया। मामला बढ़ता देख एआईजी स्टाम्प निरंजन कुमार ने डीएम से वार्ता कर कुछ समाधान किए जाने की बात कही थी। लेकिन वकील, दस्तावेज लेखक और स्टाम्प वेंडरों को प्रशासन की ओर से कोई आश्वासन नहीं मिला है।

नौ सितंबर को ये भी होंगे शामिल

बिल्डर, ग्राम प्रधान और जागरूक लोगों को भी प्रस्तावित सर्किल दरों के विरोध में शामिल किया जाएगा। तहसील बार एसोसिएशन के सचिव लाल बहादुर राजपूत ने बताया कि विरोध प्रदर्शन से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा, ताकि मंदी और महंगाई के हालात की जानकारी प्रशासन को भी हो सके। उनका कहना है कि ये समय सर्किल दरें बढ़ाए जाने का नहीं है।

प्रस्ताव वापस न होने तक रहेगा जारी

तहसील बार एसोसिएशन के सचिव ने कहा कि जब तक सर्किल रेट की बढ़ोतरी का प्रस्ताव वापस नहीं हो जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। सोमवार को तहसील सदर में बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया जाएगा। इस दौरान राजीव उपाध्याय, सतीश अग्रवाल, रामकृष्ण दत्त, मनोज कुमार, निसार अहमद, घनश्याम पचौरी, जगदीश प्रसाद, स्वयं प्रकाश शर्मा, देवी सिंह राजपूत, सतीश पचौरी, बनवारीलाल आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive