जज की नेम प्लेट उखाड़ी, सब रजिस्ट्रार आफिस भी कराया बंद

प्रशासनिक न्यायमूर्ति से मिले संघ के पदाधिकारी

ALLAHABAD: एक एडीजे व कुछ एडवोकेट्स के बीच हुए विवाद के बाद मंगलवार को कचहरी ठप कर दी गई। कुछ एडवोकेट्स ने गुस्सा दिखाने के लिए सब रजिस्ट्रार ऑफिस को भी बंद करवा दिया और जज की नेम प्लेट भी उखाड़ दी। इस मामले को एडवोकेट्स ने प्रशासनिक न्यायमूर्ति के पास भी पहुंचाया है। बुधवार को कचहरी खुलने पर विवाद और गहरा सकता है।

कहा कि दु‌र्व्यवहार करते हैं

एडवोकेट्स ने एडीजे पर कानून के खिलाफ काम करने का आरोप भी लगाया है। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष केबी तिवारी का कहना है कि एडीजे वादकारियों को भी अनावश्यक परेशान करते हैं। आठ मार्च को उन्होंने एक मुकदमे में वारंट जारी किया था। एक मुल्जिम को अस्पताल से लाकर पेश किया गया। इसके बाद उसके साथ ही इस मामले में सभी नौ मुल्जिमों को जेल भेज दिया गया। सरकारी वकील ने भी ठीक से बहस नहीं की। इसी मामले को लेकर उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर एडीजे से मुलाकात की। इसके बाद भी उन्होंने न्यायोचित आदेश नहीं देने की बात कही। उनके इस रवैये से अधिवक्ता नाराज थे। मंगलवार सुबह संघ की बैठक बुलाकर जज के दु‌र्व्यवहार की निंदा करते हुए कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया।

जज चले गए कमरे से

इस फैसले के बाद ही नाराज कुछ वकील नारेबाजी करते हुए जज के कक्ष तक पहुंच गए और दीवार पर लगी नेम प्लेट तोड़ दी। इससे वहां हंगामा शुरू हो गया तो जज कक्ष से निकलकर चले गए। केबी तिवारी का यह भी कहना है कि नेम प्लेट तोड़ने की जानकारी उन्हें नहीं है। ऐसा हुआ तो पता किया जाएगा। मामले की शिकायत प्रशासनिक न्यायमूर्ति से की गई है। उन्होंने जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस मामले में जिला जज वीके श्रीवास्तव का पक्ष जानने के लिए उन्हें फोन किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

Posted By: Inextlive