- नवीन मंडी व्यापारियों ने शनिवार को बंद रखा कारोबार

- भाजपा नेताओं ने डीआईजी से मिलकर की कार्रवाई की मांग

Meerut: शारदा रोड निवासी मुनीम की मौत के बाद शनिवार को पूरे दिन मोहल्ले में सन्नाटा पसरा रहा। आसपास के लोगों के कहना है कि पूरे परिवार की जिम्मेदारी सुदेश पर ही थी। सुदेश की मौत के बाद पूरा परिवार बिखर सा गया है। उधर नवीन मंडी के व्यापारियों ने विरोध स्वरूप कारोबार बंद रखा।

अंतिम यात्रा में सैलाब

दिल्ली रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी में थापर नगर निवासी आढ़ती जतिन के मुनीम सुदेश जैन की बीती रात लुटेरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। शनिवार को ब्रह्मपुरी में सुदेश जैन का पार्थिव शरीर उठा तो लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। पत्नी, बेटे और बेटी का तो रो-रोकर बुरा हाल था।

घायल से मिलने पहुंचे व्यापारी

भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की बैठक में व्यापारी को गोली मारने पर सभी व्यापारियों ने निंदा की। बैठक में महानगर अध्यक्ष प्रदीप रायजादा ने शहर में व्यापारियों पर हो रहे हमले पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भैंसाली पर थोक व्यापारी राम निवास के मुनीम सुदेश जैन से लूटपाट व हत्या तथा दवा व्यापारी दीपेश गुप्ता को गोली मारी है। बैठक में रजनीश कौशल हरीश भोला, योगेंद्र सिंह, दिनेश शर्मा, सुनील अग्रवाल, संजय अरोड़ा, अजय गुप्ता, प्रवीन अरोड़ा, अमित गोयल व मनोज मित्तल आदि मौजूद रहे।

बंद रहा मंडी का कारोबार

मुनीम सुदेश जैन से लूटपाट व हत्या व दवा व्यापारी दीपेश गुप्ता को गोली मारने के विरोध में व्यापारियों ने शनिवार को मंडी का कारोबार बंद रखा। व्यापारियों ने घटना पर रोष जताते हुए इसको जंगल राज का चरम बताया। व्यापारी नेता कमल ठाकुर ने कहा कि व्यापारियों से लूटपाट और हत्याओं के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। व्यापारियों के हत्यारोपियों के न पकड़े जाने पर मेरठ बंद की चेतावनी दी।

डीआईजी से मिले भाजपाई

भैंसाली बस अड्डे पर हुई घटना के विरोध में शनिवार को भाजपाइयों ने डीआईजी रमित शर्मा से मुलाकात की। इस मौके पर विधायक रविंद्र भड़ाना, भारी उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष रितुराज जैन, महामंत्री नरेन्द्र उपाध्याय, अशोक चौधरी, क्षेत्रीय मंत्री कमलदत्त शर्मा, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष विवेक वाजपेई, महामंत्री वीनस शर्मा, अभिनव गुप्ता, नवीन नेहरा समेत कई अन्य भी शामिल थे।

Posted By: Inextlive